सक्ति जिला : दिनांक 26/11/2025, : चबूतरे पर लटका भविष्य साड़ी के पर्दे में कैद शिक्षा…जर्जर आंगनबाड़ी मासूमों का भविष्य खतरे में…चार साल से चबूतरे पर चल रही पढ़ाई आखिर जिम्मेदार कौन हैं।
सक्ती जिले में बच्चों का भविष्य चबूतरे पर टंगा है। जी हाँ, जहां मासूमों को पोषण और शिक्षा मिलनी चाहिए, वहाँ साड़ी का पर्दा लगा कर चल रहा है पूरा आंगनबाड़ी केंद्र।सबसे बड़ी हैरानी यही है कि बच्चे इस हालत में चार सालों से पढ़ रहे हैं और ज़िले का एक भी अधिकारी इन मासूमों को देखने तक नहीं आया।

शक्ति जिले के अंतर्गत ग्राम मोहतरा में आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक – 1 की हालत इतनी खराब है कि सुनकर आप हैरान रह जाएंगे। केंद्र की बिल्डिंग पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। दीवारें टूट चुकी हैं, और मजबूरी में बच्चों की कक्षाएं चबूतरे पर साड़ी का पर्दा लगाकर चलाई जा रही हैं। आखिर बच्चे मजबूर हैं ऐसी स्थिति में भी शिक्षा ग्रहण करने को।

नियमों के मुताबिक आंगनबाड़ी केंद्रों में सुरक्षित बिल्डिंग, साफ-सफाई और बच्चों के लिए सुविधाएँ अनिवार्य है। लेकिन मोहतरा की स्थिति इन सभी मानकों को नज़रअंदाज़ करती दिखाई देती है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भी मजबूरियाँ हैं। उनका कहना है कि सही भवन न होने से काम प्रभावित हो रहा है, और मौसम बदलते ही बच्चों की सुरक्षा सबसे बड़ा खतरा बन जाती है।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पंचायत के सहयोग से जल्द ही बच्चों के लिए बेहतर जगह और सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। विभाग ने आश्वासन दिया है कि बच्चों को सुरक्षित और अनुकूल माहौल देना उनकी प्राथमिकता है।