समाचार – शिक्षा किसी भी समाज एवं राष्ट्र के उन्नति का है मुख्य आधार : मुख्यमंत्री साय – बालोद जिले के ग्राम संबलपुर में छत्तीसगढ़ कोसरिया मरार समाज द्वारा आयोजित युवा युवती परिचय सम्मेलन एवं शाकंभरी महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री – मरार समाज को मेहनतकश समाज बताते हुए समाज के कार्यों कि भूरी भूरी सराहना कीकोसरिया मरार समाज के प्रदेश स्तरीय कार्यालय भवन हेतु जमीन उपलब्ध कराने तथा राज्य शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष पद पर शीघ्र नियुक्ति करने का दिया आश्वासन बालोद, 09 नवंबर 2025 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज एवं राष्ट्र के उन्नति का मुख्य आधार है। इसलिए हम सभी को हमारी आने वाली पीढ़ी को उच्च शिक्षित एवं ज्ञान वान बनाने का संकल्प लेना चाहिए। मुख्यमंत्री साय आज जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम संबलपुर में छत्तीसगढ़ कोसरिया मरार समाज द्वारा आयोजित युवा युवती परिचय सम्मेलन एवं शाकंभरी महोत्सव कार्यक्रम के अवसर पर अपना उद्गार व्यक्त कर रहे थे। साय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर साय ने कोसरिया मरार समाज को धरती माता की सेवा करने वाले मेहनतकश समाज बताते हुए कोसरिया मरार समाज के कार्यों की भूरी भूरी सराहना की। समारोह में मुख्यमंत्री श्री साय ने कोसरिया मरार समाज के मांग पर कोसरिया मरार समाज के प्रदेश स्तरीय कार्यालय भवन निर्माण हेतु जमीन उपलब्ध कराने तथा राज्य शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष पद पर शीघ्र नियुक्ति करने के अलावा आज समाज के द्वारा प्रस्तुत किए गए सभी मांगो पर सहानुभूतिपूर्वक का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम स्थल में पहुंचने के पश्चात मुख्यमंत्री साय सर्वप्रथम शाकंभरी माता भगवान रामचंद्र एवं सीता मैया और महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले एवं श्रीमती सावित्रीबाई फुले के तैलचित्र पर माल्यार्पण भी किया। समारोह संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक संगीता सिन्हा, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, नगर पंचायत डौंडीलोहारा के अध्यक्ष लाल निवेंद्र सिंह टेकाम, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवलाल ठाकुर, नगर पालिका परिषद बालोद के पूर्व अध्यक्ष राकेश यादव, छत्तीसगढ़ कोसरिया मरार समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुनील पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष तेजराम पटेल तथा अन्य जनप्रतिनिधियों एवं समाज प्रमुखों के अलावा दुर्ग रेंज के आईजी राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर अजय किशोर लकड़ा एवं एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर सहित बड़ी संख्या में मरार समाज के प्रतिनिधि एवं समाज के लोगों के अलावा आम नागरिक गण उपस्थित थे।