जल जीवन मिशन में कार्य पूर्णता में रायपुर दूसरे स्थान पर

Chhattisgarh Madhyapradesh National State

रायपुर. 7 अक्टूबर 2025. हर घर नल से जल पहुंचाने की केंद्र सरकार और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन में कार्य पूर्णता के मामले में रायपुर जिला धमतरी के बाद राज्य में दूसरे स्थान पर है। यहां 95 प्रतिशत काम पूर्ण कर लिया गया है। रायपुर जिले में मिशन के अंतर्गत शामिल 477 गांवों में से 247 में काम पूर्ण कर जल आपूर्ति प्रारंभ की जा चुकी है। इन गांवों में नल जल योजनाओं को संचालन और संधारण के लिए ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की जा चुकी हैं। अब वहां ग्राम पंचायतें पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था का संचालन व संधारण कर रही हैं।लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड, रायपुर के कार्यपालन अभियंता अनिल कुमार बच्चन ने बताया कि मार्च-2026 तक रायपुर जिले के 126 और गांवों में सभी कार्यों को पूर्ण कर हर घर नल से जल की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन में रायपुर जिले के सभी 477 गांवों में हर घर नल से जल पहुंचाने की योजना बनाई गई है। इसके लिए कुल 393 पानी टंकिया बनाई जाएंगी जिनमें से 377 का निर्माण पूर्ण हो गया है तथा शेष 16 पानी टंकियां निर्माणाधीन हैं। बच्चन ने बताया कि रायपुर जिले में जल जीवन मिशन के तहत नल जल योजनाएं बनाने तथा स्वीकृति का कार्य वर्ष 2020-21 में प्रारंभ हुआ था। अलग-अलग चरणों में अलग-अलग गांवों के लिए योजना बनाकर इसका क्रियान्वयन प्रारंभ किया गया। उन्होंने बताया कि सभी गांवों में कार्यों के निविदाएं ऑनलाइन आंमत्रित की गई हैं तथा नियमानुसार सभी प्रक्रियाएं पूर्ण कर कार्यादेश जारी किए गए हैं। निविदा आमंत्रित कर ही ठेकेदारों को कार्य दिए गए हैं। कार्य पूर्णता के बिना किसी भी निर्माण एजेन्सी को एनओसी जारी नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि धरसीवा विकासखंड के ग्राम नक्टी में नल जल योजना का कार्य पूर्ण कर 11 सितम्बर 2024 को ग्राम पंचायत को हस्तांतरित की जा चुकी है। ग्राम पंचायत द्वारा वहां नल जल योजना का संचालन एवं संधारण किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *