रायपुर, 18 सितम्बर 2025। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत आज रायपुर जिले के सेरीखेडी स्थित मल्टी यूटिलिटी सेंटर में ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025’ का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया। अग्रवाल ने उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता की शपथ दिलाई तथा जिलेभर में इस पखवाड़े को त्योहार की तरह मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामुदायिक जिम्मेदारी भी है।यह पखवाड़ा 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा, जिसकी थीम “स्वच्छोत्सव” निर्धारित की गई है। इसके अंतर्गत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता विषयक विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित कर लोगों को स्वच्छता एवं कचरा-मुक्त भारत के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही वृक्षारोपण, स्वच्छता श्रमदान, सफाई मित्र सुरक्षा शिविर, विशेष सफाई अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम भी किए जाएंगे।जिला पंचायत रायपुर एवं धरसींवा ब्लॉक टीम के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्वच्छताग्राही दीदियाँ, पंच, सरपंच, सचिव सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।