विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बसना में पुतला दहन कर जताया विरोध,बोले-मां का अपमान करने वाली राजनीति बर्दाश्त नहीं

Uncategorized

बसना । बिहार के दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माताजी के खिलाफ कथित रूप से की गई अभद्र टिप्पणी से उपजे आक्रोश के विरोध में, बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन शहीद वीर नारायण सिंह चौक पर किया गया, जहां राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और तेजस्वी यादव का पुतला दहन कर तीव्र विरोध दर्ज कराया गया। इस दौरान “कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद”, “राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और तेजस्वी यादव मुर्दाबाद” और “मुंह काला” जैसे नारे गूंज उठे।

अपमानजनक टिप्पणी पर भाजपा का रोष

बिहार के दरभंगा में आयोजित एक रैली में यूथ कांग्रेस से जुड़े आयोजक मोहम्मद नौशाद द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। इस घटना पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अपनी कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “शर्मनाक और निंदनीय” करार दिया। उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद तो होते हैं, लेकिन अभद्रता और अशोभनीय भाषा के लिए कोई जगह नहीं है।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर हैं। उनके खिलाफ गाली-गलौज करना न केवल अस्वीकार्य है, बल्कि यह लोकतंत्र का अपमान है। ऐसा लगता है कि कांग्रेस अब नीचता पर उतर आई है, उसे क्या बोलना और क्या नहीं, यह समझ नहीं आता।

मीडिया से बात करते हुए विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भारत में मां को देवतुल्य माना जाता है। बिहार जैसे राज्य में, जहां “छठी मैया” की पूजा होती है और मातृत्व को सर्वोच्च सम्मान दिया जाता है, वहां प्रधानमंत्री की दिवंगत माताजी के लिए अपशब्दों का प्रयोग कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की नैतिक गिरावट को दर्शाता है।

विधायक डॉ अग्रवाल ने इसे एक सामान्य राजनीतिक टिप्पणी नहीं, बल्कि एक सुनियोजित और मंच से की गई अभद्रता बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश की जनता इस चरित्रहीन राजनीति का मुंहतोड़ जवाब देगी। विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और तेजस्वी यादव भले ही हजार बार कान पकड़कर उठक-बैठक करें, लेकिन यह अपराध क्षमा योग्य नहीं है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने के लिए शब्दों में शालीनता बनी रहनी चाहिए।

इस विरोध प्रदर्शन में सांसद रुप कुमारी चौधरी, जिला उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल एवं जितेन्द्र त्रिपाठी, विधानसभा संयोजक एन.के. अग्रवाल,वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश अग्रवाल,नगर पंचायत बसना अध्यक्ष डॉ खूशबू अग्रवाल, उपाध्यक्ष शीत गुप्ता, जनपद पंचायत बसना उपाध्यक्ष मोहित पटेल, पूर्व मण्डल अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, मण्डल अध्यक्ष नरेंद्र यादव, अभिमन्यु जायसवाल, अखिलेश भोई, कामेश बंजारा,पार्षदगण व पार्षद प्रतिनिधिगण सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण मौजूद रहे और उन्होंने पुतला दहन और नारों के माध्यम से अपना आक्रोश व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *