साईं संजीवनी हॉस्पिटल ने 36 हजार बच्चों को दिया नया जीवनदान, किसी को जीवनदान देना पुण्य का काम : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

Uncategorized

रायपुर : 12मई 2025,सत्य साईं बाबा ने सब से प्रेम और सबकी सेवा करने का संदेश दिया है। बाबा के बताए मार्ग पर चलते हुए नवा रायपुर स्थित सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल द्वारा अब तक 36 हजार से अधिक हार्ट सर्जरी किए जा चुके हैं। सत्य साईं हॉस्पिटल में केवल भारत के ही नहीं बल्कि अन्य 15 देशों के लोग भी निःशुल्क उपचार कराने आते हैं। अब तक अन्य देशों के एक हजार से अधिक की हार्ट सर्जरी हो चुकी है। वहीं यहां 3 लाख से अधिक बच्चों का निशुल्क जांच किए जा चुका है।

यह बात उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल द्वारा अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कही। उन्होंने आगे कहा कि, बच्चों की निःशुल्क हार्ट सर्जरी कर संस्थान ने सेवा परमो धर्म: के आदर्श को प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि, हॉस्पिटल ने 36 हजार बच्चों को नया जीवनदान दिया है। किसी को जीवनदान देना पुण्य का काम है।

साव ने कहा कि, बाबा सत्य साईं का आशीर्वाद छत्तीसगढ़ पर हुआ है। इससे रायपुर की एक अलग पहचान बनी है। उन्होंने कहा कि, किसी अनजान से प्रेम और सेवा करना सहज काम नहीं है। बच्चे और उनके पालकों का चेहरा देखकर लगा कि उन्हें दुनिया की बड़ी खुशी मिल गई है। यह देने वाला सत्य साईं अस्पताल है।

साव ने अस्पताल में उपचार करा चुके बच्चों एवं उनकी माताओं से मुलाकात की एवं उन्हें फल, मिठाई वितरित किया। साथ ही मंच से परिजनों ने अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर बेहतरीन सेवा करने वाले नर्सिंग स्टॉफ को सम्मानित किया।

काशी में एक और सेवा केंद्र शुरू होगा

अस्पताल के चेयरमैन डॉ. श्रीनिवास ने कहा कि, आज गौतम बुद्ध का निर्वाण दिवस है। काशी के सारनाथ में गौतम बुद्ध ने पहला उपदेश दिया था। उसी काशी में एक और सेवा केंद्र शुरू होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि, आज ही के दिन सत्य साईं बाबा ने विश्व को सब से प्रेम और सबकी सेवा करने का मूल मंत्र दिया था। यहां निःशुल्क उपचार के बाद निःशुल्क नर्सिंग की शिक्षा दी जा रही है। यहां देश और समाज के सेवक बन रहे हैं। हम लोगों के दिल में सेवा का भाव जोड़ रहे हैं।

इस अवसर पर डॉ. श्रीनिवास , राधेश्याम बारले , जितेंद्र साहू सहित प्रबंध अधिकारी, कर्मचारी एवं नर्सिंग स्टॉफ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *