रायपुर:- पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी को सूरजपुर जिले में चंदौरा थाना क्षेत्र में ट्रकों से अवैध वसूली की जानकारी होने पर अवस्थी ने पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा को तत्काल जांच के निर्देश दिए. पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा द्वारा की गई जांच में प्रथम दृष्टया घटना सही पाई गई।जिस पर सूरजपुर जिले के चंदौरा थाना प्रभारी रघुबीर सिंह ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस महानिदेशक अवस्थी ने 13 जून को प्रदेश के थाना प्रभारियों के सम्मेलन में स्पष्ट निर्देश दिया था, कि पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा भ्रष्टाचार और अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं कि जाएगी.और इसमें संलग्न अधिकारियों-कर्मचारियों के विरूद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस महानिदेशक ने पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के भष्टाचार संबंधी मामलों की जांच हेतु पुलिस मुख्यालय में उप पुलिस महानिरीक्षक एससी द्विवेदी के नेतृत्व में राज्य सतर्कता सेल का गठन किया गया है। इसके अंतर्गत राज्य में पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा भ्रष्टाचार और अवैध वसूली एवं अन्य कोई अपराधिक आचरण की शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।