रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने एक नवंबर, छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर समस्त छत्तीसगढ़वासियों को भाजपा की ओर से अपनी शुभकामनाएँ देते हुए बधाई दी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साव ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व के साथ ही छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस की मांगलिक बेला मणि-कांचन संयोग ही है। पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटलजी के स्वप्नों का छत्तीसगढ़ धरातल पर विकास का नया अध्याय लिखने की बेला पुनः उपस्थित हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जावान नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम हासिल कर रहा है। हम सबको यह पूर्ण विश्वास है कि छत्तीसगढ़ गरीब, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण सहित विकास के विभिन्न क्षेत्र में नए कीर्तिमान रचेगा।
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि कोंटा से लेकर कोरिया तक और राजनांदगाँव से लेकर जशपुर तक फैले छत्तीसगढ़ के भू-भाग, खनिज सम्पदा, नदियाँ, पहाड़ों से सजा प्राकृतिक सौंदर्य, मंदिर-देवालयों का प्रचीन सांस्कृतिक विरासत को अपने में संजोए छत्तीसगढ़ की आज एक अलग पहचान है। हमने दो दशक से अधिक के इस कालखंड अनेक उपलब्धियाँ अर्जित की हैं और अभी हमें विकास के मार्ग पर मीलों लम्बा सफर तय करना है। इस बेला पर हम सभी छत्तीसगढ़ी महतारी के परिश्रमी, कर्मठ, आत्मीय स्नेह से भरपूर, मधुरभाषी आबालवृद्ध नर-नारियों को यह संकल्प लेना है कि प्रधानमंत्री मोदी के सशक्त नेतृत्व और सर्वसमावेशी विकास की अवधारणा के अनुरूप इस प्रदेश को नए-नए कीर्तिमानों के शिखर पर स्थापित करेंगे।
प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चंदेल ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य के धनी राज्य छत्तीसगढ़ के निवासियों के प्रति स्थापना दिवस कामना है कि विविध संस्कृतियों की संगम स्थली वाला यह प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़े। आज से लगभग 24 वर्ष पहले छत्तीसगढ़ प्रदेश के गठन के साथ एक ऐसा सपना साकार हुआ था जिसके लिए अनगिनत महान व्यक्तियों के असंख्य प्रयास और प्रदेश की महान जनता का लंबा इंतजार राह देख रहा था। चंदेल ने आशा व्यक्त की कि विगत वर्षों में हमारा प्रदेश, जिस अथक परिश्रम व समर्पण से विकासपथ पर अग्रसर रहा है, उसी प्रकार आगे भी गतिमान रहेगा।