पुनिया बस्तर संभाग के विधानसभाओं में मिशन 2023 के तैयारियों पर करेंगे मंथन

Chhattisgarh

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने मिशन 2023 को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बस्तर की 12 विधानसभाओं में मैराथन बैठक कर वहां पर पार्टी की स्थिति जानने की कोशिश होगी। इसके लिए कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम और प्रभारी सचिव सप्तगिरी शंकर उल्का 4 दिन बस्तर संभाग के दौरे पर रहेंगे।
कुछ दिन पूर्व ही बिलासपुर संभाग की हारी हुई विधानसभा सीटों का दौरा पुनिया और मरकाम ने साथ किया था। बस्तर दौरा 9 अक्टूबर से शुरू होगा जो 12 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान हर विधानसभा क्षेत्र में विधायकों के कामकाज के साथ ही पार्टी की स्थिति के बारे में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया जाएगा। बिलासपुर संभाग का दौरा कर कांग्रेस ने वहां की हारी हुई विधानसभाओं में पार्टी की स्थिति का जायजा लिया था। इस दौरान जनप्रतिनिधियों को सक्रिय करने और आगामी चुनाव को लेकर उनकी राय जानने का प्रयास किया गया। दोनों नेताओं ने यहां हार के कारणों पर मंथन कर सरकार के कार्यक्रमों को घर-घर पहुंचाने बूथ कमेटियों को सक्रिय करने का सुझाव दिया था। बस्तर क्षेत्र की सभी विधानसभा में कांग्रेस के विधायक हैं। ऐसे में यहां विधायकों के परफॉर्मेंस पर खासतौर पर निगाहें होंगी। विधानसभा क्षेत्र के दौरे के बहाने प्रदेश प्रभारी आगामी चुनाव को लेकर मंथन करेंगे। यहां पार्टी की गतिविधियों के साथ ही सरकार के कामकाज के प्रचार की भी समीक्षा करेंगे।
9 को आएंगे पुनिया
छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया 9 अक्टूबर को 1.45 बजे दिल्ली से रायपुर आएंगे। इसी दिन वे दोपहर 3 बजे सर्किट हाउस से कांकेर रवाना होंगे। शाम 6 बजे कांकेर पहुंचकर कांकेर विधानसभा, अंतागढ़ विधानसभा, भानुप्रतापपुर विधानसभा के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कांग्रेसियों की बैठक में भाग लेंगे। 10 अक्टूबर को सुबह 10 बजे कांकेर से केशकाल रवाना होंगे। 11 बजे केशकाल पहुंचकर विधानसभा के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कांग्रेसजनों की बैठक लेंगे। केशकाल से कोंडागांव जाएंगे। दोपहर 2 बजे कोंडागांव पहुंचकर कोंडागांव और नारायणपुर विधानसभा के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कांग्रेसजनों की बैठक लेंगे। शाम 5 बजे कोंडागांव से शाम 6 बजे चित्रकोट पहुंचकर कांग्रेसजनों से चर्चा करेंगे।
11 को दंतेवाड़ा में होगी बैठक
11 अक्टूबर को चित्रकोट विधानसभा के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कांग्रेसजनों की बैठक में भाग लेंगे। वहां से दोपहर 1 बजे दंतेवाड़ा पहुंचकर माता दंतेश्वरी का दर्शन करेंगे। दोपहर 2.30 बजे दंतेवाड़ा में दंतेवाड़ा एवं बीजापुर विधानसभा के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कांग्रेसजनों की बैठक में भाग लेंगे। शाम 4.30 बजे दंतेवाड़ा से रवाना होकर शाम 6.30 बजे जगदलपुर पहुंचेंगे। 12 अक्टूबर को जगदलपुर विधानसभा, बस्तर विधानसभा एवं सुकमा विधानसभा के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कांग्रेसजनों की बैठक में भाग लेंगे। वहां से रायपुर रवाना होंगे। दोपहर 1.55 बजे रायपुर आयेंगे तथा रात्रि 7.50 बजे रायपुर से लखनऊ रवाना होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *