आज से तीन दिनों तक होगी अखिल भारतीय समन्वय बैठक

Uncategorized

रायपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा, संघ की गतिविधियां या बैठक अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होती हैं। तीन दिन अखिल भारतीय समन्वय बैठक में चिंतन और मनन किया जाएगा। उन्होंने बताया, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की देशभर के 36 अनुषांगिक संगठन इस बैठक में शामिल होंगे। बैठक में पर्यावरण से लेकर राष्ट्र पुनर्निर्माण समेत कई अहम विषयों पर चर्चा होगी। सभी संगठन अपने निर्णय स्वयं लेते हैं। सभी संगठन समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीयता के भाव से समाज हित में सक्रिय रहते हैं। बैठक में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर भी चर्चा की जाएगी।
संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने संवाददाताओं से चर्चा में बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से प्रेरित समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत विविध संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों की समन्वय बैठक 10 से 12 सितंबर को राजधानी रायपुर में आयोजित हो रही है। यह अखिल भारतीय स्तर की समन्वय बैठक प्रतिवर्ष एक बार आयोजित होती है। कोरोना के कारण यह बैठक इसी साल जनवरी में भावनगर में हुई थी। बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत एवं सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले सहित संघ के पांचों सह सरकार्यवाह तथा अन्य प्रमुख पदाधिकारी सहभागी होंगे। भारतीय मजदूर संघ के हिरण्यमय पंड्या और बी सुरेंद्रन, विश्व हिंदू परिषद के आलोक कुमार और मिलिंद परांडे, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आशीष चौहान और निधि त्रिपाठी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और बीएल संतोष तथा भारतीय किसान संघ के दिनेश कुलकर्णी, विद्याभारती के रामकृष्ण राव एवं जीएम काशीपति, राष्ट्र सेविका समिति से वंदनीया शांताक्का और अन्नदानम सीताक्का, वनवासी कल्याण आश्रम के रामचनंद्र खराडी और अतुल जोग सहित 36 संगठनों के प्रतिनिधि और कुछ पदाधिकारी शामिल होंगे।
सभी संगठन अपने कार्य और अनुभव करते हैं साझा
उन्होंने बताया कि सभी अपने-अपने कार्य व उपलब्धियों पर प्रस्तुति देते हुए चर्चा करते हैं। शिक्षा एवं वैचारिक क्षेत्र, आर्थिक तथा विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर निरंतर सक्रिय रहते हैं। बैठक में संबंधित कार्यों पर मंथन करेंगे। संघ ऐसे संगठनों में सक्रिय स्वयंसेवकों से समन्वय रखता है। पर्यावरण, परिवार प्रबोधन तथा सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी। समाज की चुनौतियों को भी साझा करते हैं। संघ से प्रेरित होकर सभी संगठन एक ही दिशा में कार्य करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *