सरकार ने कर्मचारियों को दिया ऑफर : 2 सितंबर तक काम पर लौटे, तो अवकाश मानकर मिलेगा पूरा वेतन

Uncategorized

रायपुर : महंगाई भत्ता और एचआरए की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे कर्मचारियों को सरकार ने अब ऑफर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के मुताबिक 2 सितंबर तक काम पर लौटने वाले कर्मचारियों का वेतन नहीं काटा जाएगा। वहीं हड़ताल अवधि के दौरान छुट्टी पर रहने वाले कर्मचारियों को वेतन भी दिया जाएगा।
विभाग ने कहा, अगर कर्मचारी 2 सितंबर तक भी काम पर लौट आए तो उनका वेतन नहीं काटा जाएगा। हड़ताल अवधि को अवकाश मानकर पूरा वेतन दिया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को एक नया परिपत्र जारी किया। सभी विभागाध्यक्ष, राजस्व मंडल, सभी संभाग आयुक्त और कलेक्टर को जारी परिपत्र में हड़ताल से संबंधित निर्देश हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से कहा गया है कि शासन के ध्यान में यह बात लाई गई है कि अनिश्चितकालीन हड़ताल में शामिल बहुत से अधिकारी-कर्मचारी काम पर लौटना चाहते हैं। ऐसे कर्मचारी और अधिकारियों को कार्यालय में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। 1 और 2 सितंबर को हड़ताल से वापस लौटने वाले कर्मचारी अपने काम पर उपस्थित होते हैं तो उनकी हड़ताल अवधि का अवकाश स्वीकृत करते हुए उनका वेतन भुगतान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने दिया सुरक्षा का आश्वासन
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आदेश जारी करने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी ट्वीट करते हुए हड़ताल से वापस लौटने वाले कर्मचारियों-अधिकारियों के वेतन भुगतान की बात कही है। उन्होंने काम पर वापस लौटने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को पूरी सुरक्षा देने का आश्वासन भी दिया है।
मुख्य सचिव से चर्चा, नहीं माने कर्मचारी नेता
बताया जाता है कि सोमवार को मुख्य सचिव अमिताभ जैन से चर्चा में कर्मचारी नेता नहीं माने तो सोमवार को जीएडी ने आदेश जारी कर हड़ताल में शामिल नहीं हो रहे कर्मचारियों को राहत देने की कोशिश की थी। इसमें कहा गया था, विभिन्न कर्मचारी संगठनों के आव्हान पर कई कर्मचारी 22 अगस्त से हड़ताल पर हैं। जो कर्मचारी 25 से 29 जुलाई तक की अवधि में हड़ताल पर थे और जिन्होंने वर्तमान में हिस्सा नहीं लिया है, उनके पूर्व की अवधि को अवकाश स्वीकृत करते हुए वेतन भुगतान किया जाए।
9 दिनों से हड़ताल पर
प्रदेश में छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के बैनर तले 5 लाख कर्मचारी डीए और एचआरए बढ़ाने की मांग को लेकर 9 दिन से हड़ताल कर रहे हैं। प्रदर्शन में प्रदेश के 91 से अधिक कर्मचारी संगठन भाग ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *