मुख्यमंत्री ने कहा- पांच साल केंद्र और राज्य में थी भाजपा की सरकार, तब आपने चुटकी क्यों नहीं बजाई

Chhattisgarh

रायपुर  : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रदेश से चुटकी में नक्सलवाद को खत्म कर देने के बयान पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा, केंद्र और राज्य में 5 साल भाजपा की सरकार थी, उस समय चुटकी बजाकर खत्म कर देना था। आपने उस समय चुटकी क्यों नहीं बजाई? केंद्र और राज्य में जब भाजपा सरकार थी, तब नक्सलवाद चरम पर था। वही समय था, जब झीरम घाटी हमला हुआ, हमारे नेता, जवान, आम नागरिक सबको हानि हुई। आज हम विकास, विश्वास और सुरक्षा की नीति को लेकर चल रहे हैं, इससे नक्सलवाद पूरा पीछे हट गया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बालोद जिले के लिए रवाना होने से पहले संवाददाताओं से चर्चा में कहा, छत्तीसगढ़ में अपराध में कमी आई है। भाजपा सरकार और कांग्रेस सरकार की तुलना कर लीजिए। भाजपा सरकार के दौरान बैंक लुट गए, चिटफंड में पैसे लुट गए, अपराधी फरार रहे, कांग्रेस सरकार में अपराधी पकड़े गए, घटनाएं घटीं, लेकिन कार्रवाई भी तेजी से हुई है, हो रही है। वहीं भाजपा के छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और बेरोजगारी भत्ते के मुद्दे पर हल्ला बोल आंदोलन पर कहा, जीएसटी 2017 में राज्य के हित में मिलना चाहिए था। 5 साल तक क्षतिपूर्ति जारी रखने की बात हुई थी, लेकिन जून 2022 में बंद कर दिया गया, जिससे प्रतिवर्ष हमारी सरकार को 5 हजार करोड़ का नुकसान हुआ।
कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र है, इसलिए चुनाव हो रहे हैं। धरमलाल कौशिक खुद बता दें, किस प्रक्रिया के तहत हटाए गए। क्या विधायक दल की बैठक में उन्हें हटाने का प्रस्ताव हुआ? जो नए नेता चुने गए हैं, वह विधायक दल के द्वारा चुने गए? नेता प्रतिपक्ष, अध्यक्ष सब हटा दिए गए और लोकतंत्र की बात करते हैं, किसके तहत हटाए गए हैं, यह तो पहले बता दें। पहले अपनी पार्टी को देख लें। जब बनाया गया और हटाया गया तो किस प्रक्रिया का पालन किया गया।
चुप्पी साध लेते हैं भाजपा सांसद
मुख्यमंत्री ने चिटफंड कंपनियों का जिक्र करते हुए कहा, इससे लाखों परिवार प्रभावित हुए, लेकिन भाजपा के नेता चुप हैं। धान के बोनस पर केंद्र सरकार ने प्रतिबंध लगाया, लेकिन न सांसद और न ही भाजपा नेता कुछ बोलते हैं। अभी पूरे देश में ट्रेन चलनी शुरू हुईं, लेकिन सरकार ने लाइन मरम्मत के लिए ट्रेन बंद कर दी। महीनों से सैकड़ों ट्रेनें रद्द कर दी गईं, लेकिन सांसद कुछ बोलते नहीं, पैसेंजर ट्रेन रद्द करके कोयला दूसरे प्रदेश में भेजा जा रहा है, उसके लिए ट्रेन बंद कर रहे हैं। आम जनता को पैसेंजर ट्रेन बंद होने से दिक्कत हो रही है।
झारखंड के राज्यपाल क्यों नहीं खोल रहे चिट्ठी
झारखंड की राजनीति पर मुख्यमंत्री ने कहा, चुनाव आयोग ने राज्यपाल को चिट्ठी भेजी है, लेकिन राजभवन में उसको खोला ही नहीं जा रहा है। चार-पांच दिन हो गए चिट्ठी राजभवन में है, उसको खोला नहीं जा रहा है। आखिर इलेक्शन कमीशन ने क्या लिखा है, जो इतनी गोपनीयता बरती जा रही है।
मोदी के बड़े फैसलों पर कसा तंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसलों को लेकर मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि प्रधानमंत्री ने क्या बड़े फैसले लिए हैं। एक फैसला लिए शौचालय बनवाने का, शौचालय बनवा दिए, पानी की व्यवस्था नहीं किए। जीएसटी लगा दिए, देश परेशान है। निजीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। देश की संपत्ति को बेचने का काम किया जा रहा है। कालाधन अब तक नहीं आया है। उद्योगपति मित्रों को फायदा पहुंचाया गया है, देश में बेरोजगारी और महंगाई बढ़ती चली जा रही है।
4 सितंबर को दिल्ली जाएंगे कार्यकर्ता
महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री ने कहा, 4 सितंबर राहुल गांधी के नेतृत्व में रामलीला मैदान में बड़ा प्रदर्शन होगा। हजारों कार्यकर्ता छत्तीसगढ़ से दिल्ली जाएंगे। वहां पर राहुलजी के नेतृत्व में रामलीला मैदान में बड़ा प्रदर्शन होगा। महंगाई से आम जनता त्रस्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *