कलेक्शन मास्टर की भूमिका छत्तीसगढ़ में निभा रहे-सूर्या

Chhattisgarh

रायपुर। बेरोजगारी के खिलाफ राजधानी में आयोजित हल्लाबोल कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेकने का संकल्प लिया। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा, भूपेश सरकार डर चुकी है। युवा मोर्चा अध्यक्ष बनने के बाद कई राज्यों के आंदोलनों में मैं भाग ले चुका हूं, लेकिन छत्तीसगढ़ के युवा मोर्चा ने जिस तरह आंदोलन किया है, जिस तरह सरकार को डरा दिया है, ऐसा आंदोलन मैंने नहीं देखा। यह छत्तीसगढ़ की तानाशाह सरकार को उखाड़ फेंकने का समय है। यह संघर्ष का समय है। लाठियां खाने का समय है, तैयार रहें। कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में भूपेश बघेल की सबसे भ्रष्टतम सरकार है। भूपेश बघेल सोनिया गांधी के लिए कलेक्शन मास्टर की भूमिका छत्तीसगढ़ में निभा रहे हैं।
नगर निगम मुख्यालय के सामने आयोजित सभा में मंच पर भाजयुमो अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या, प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, सांसद सुनील सोनी, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व सांसद नंदकुमार साय, रामविचार नेताम, विधायक बृजमोहन अगवाल, अजय चंद्राकर, शिवरतन शर्मा, सौरभ सिंह, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू मौजूद रहे। तेजस्वी सूर्या ने कहा, मैं हनुमानजी की जन्म स्थली कर्नाटक से आता हूं। आज श्रीराम के ननिहाल में आया हूं। पूरा भरोसा है कि छत्तीसगढ़ के युवा कार्यकर्ता युवाओं के हित में भाजपा की सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा, कांग्रेस सरकार माफिया की सरकार है। छत्तीसगढ़ में जितना विकास हुआ और जितने युवाओं को रोजगार मिला, वह भाजपा की सरकार में मिला। इसका श्रेय डॉ. रमन सिंह को जाता है। भाजपा के राज में बस्तर जैसे इलाके को भी शिक्षा के केंद्र के रूप में विकसित किया गया। जबकि भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ की जनता के साथ केवल विश्वासघात किया है।
तीस साल तक रहेगी भाजपा की सरकार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा, जब से छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आई है, ये मफियागढ़ बन गया है। बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन एक भी वादा सरकार ने पूरा नहीं किया है। कांग्रेस सरकार ने लोगों को सिर्फ ठगा है। नौकरी की पोल तो विधानसभा में खुल गई है। दस लाख नौकरियां देने की बात सरकार ने कही थी, लेकिन युवाओं को ठग दिया। उन्होंने कहा, आज इस आंदोलन के बाद राज्य में तीस साल तक भाजपा की सरकार रहेगी।
गंगाजल लेकर झूठा वादा करने का मांगेंगे हिसाब
भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने कहा, कौरवों के पिता चाहते थे कि दुर्योधन कुरुक्षेत्र संग्राम में जीतकर वापस लौटें। उन्हें पता था कि उसे कोई मार सकता है तो वह भीम है। भीम को धृतराष्ट्र आलिंगन करने बुलाते है। कृष्ण रोकते हैं। भीम की प्रतिमा भेज दी जाती है। आलिंगन से भीम की प्रतिमा चूर-चूर हो जाती है। इस कहानी को इसलिए बता रही हूं, क्योंकि आज छत्तीसगढ़ ऐसे ही धृतराष्ट्र के आलिंगन में है। इसलिए आज सबको भूपेश बघेल से जवाब मांगने जाना पड़ेगा। पुरंदेश्वरी ने कहा, एक हाथ में गंगाजल लेकर झूठा वादा करने का हिसाब मांगा जाएगा।
रमन बोले- पूरा छत्तीसगढ़ कर रहा आंदोलन
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए आव्हान किया कि तख्त बदल दो, ताज बदल दो, बेईमानों का राज बदल दो। उन्होंने कहा, सौ से भी कम भृत्य के पदों की भर्ती के लिए ढाई लाख युवाओं ने आवेदन किया। मुख्यमंत्री शर्म करें। अकेले हम आंदोलन नहीं कर रहे हैं। पूरा छत्तीसगढ़ आंदोलन कर रहा है। 5 लाख कर्मचारी आंदोलन पर बैठे हैं। उन्होंने कहा, भाजयुमो कार्यकर्ता कमर कस लें और 2023 में भाजपा की सरकार बनाएं।
कार्यकर्ता चाहेगा तो कंटेनर को भी चिपका देगा
पूर्व मंत्री और वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, विराट स्वरूप दिखना चाहिए कि राक्षसों का विनाश और भ्रष्टाचारियों का सफाया हो सके। मुख्यमंत्री इतने डरपोक होंगे ये मालूम नहीं था। ये पहली बार किसी प्रदर्शन में कंटेनर रोड में लगाए गए हैं। अगर कार्यकर्ता तय कर लेगा तो कंटेनर को भी चिपका देगा। हमने नहीं सोचा था कि छत्तीसगढ़ में माफियाओं का राज होगा। युवाओं को नशे के आगोश में डुबाने वाली सरकार का क्या हश्र होना चाहिए?
भ्रष्टाचार में छत्तीसगढ़ नंबर 1
पूर्व नेता प्रतिपक्ष व वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा, जनता ने विकास और रोजगार देने के लिए अवसर दिया, लेकिन सरकार ने राज्य को डुबोने का काम किया। सरकार ने साढ़े तीन सालों में 55 हजार करोड़ का कर्ज लिया। राज्य में आज कोई बच्चा पैदा होगा तो उसके माथे पर चालीस हजार करोड़ का कर्ज होगा। युवाओं में सबसे ज्यादा हताशा छत्तीसगढ़ में है। सरकार की नीति युवाओं को रोजगार देने के बजाय बेरोजगार करने की रही है। देश में भ्रष्टाचार पर सर्वे किया जाएगा तो पहले नंबर पर छत्तीसगढ़ आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *