हसदेव अरण्य कोल ब्लॉक पर मुख्यमंत्री बोले-राज्य सरकार ने पेड़ कटाई रोकी, अलॉटमेंट रद्द नहीं

Uncategorized

रायपुर। हसदेव अरण्य में कोल ब्लॉक आवंटन के विरोध में चल रहे प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार की स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा, कोल आवंटन भारत सरकार ने किया है। वन अधिनियम, पर्यावरण अधिनियम और भारत सरकार की जो गाइडलाइन है, उसके हिसाब से राज्य सरकार काम कर रही है। भारत सरकार चाहे तो निजी क्षेत्र को कोयला खदान नीलाम करे या राज्य को अलॉट करे, यह काम उनका है। राज्य सरकार डाकिये की भूमिका में है। ऐसे में केंद्र सरकार के विरोध में आंदोलन करना चाहिए। राज्य सरकार ने पेड़ कटाई रोक दी है, लेकिन अलॉटमेंट रद्द नहीं हुआ है।

भेंट मुलाकात के लिए जशपुर के पत्थलगांव रवाना होने से पहले हेलीपेड पर पत्रकारों से चर्चा मुख्यमंत्री ने कहा, वे कोल ब्लॉक का आवंटन निरस्त नहीं कर सकते। यह भारत सरकार को करना है। राज्य सरकार इसमें कुछ नहीं कर सकती। उन्होंने कहा, टीएस सिंहदेव ने कहा था कि पहली गोली वे खाएंगे, तो जो गोली चलाने वाला है, वह खाए। महाराज साहब क्यों खाएंगे? दूसरी बात यह है कि जनता की बात जनप्रतिनिधि के माध्यम से पता चलेगी। आखिर जनप्रतिनिधि क्यों चुने जाते हैं, जिससे वे जनता की बात को रखें। महाराज साहब कहते हैं कि जनता जो चाहती है। आप जनप्रतिनिधि हैं, उस क्षेत्र के। मैंने कहा कि यदि वे नहीं चाहेंगे तो पेड़ क्या डाल भी नहीं कटेगी। मुख्यमंत्री ने श्री सिंहदेव के संबंध में कहा, उनसे मेरे व्यक्तिगत संबंध हैं। बड़े भाई की तरह हैं। वे जनता की बात कहेंगे तो उन्हीं की बात को तो मानेंगे।
ध्रुवीकरण की राजनीति से भाजपा को लाभ, देश को नुकसान

देश के कई शहरों में हिंसा की घटनाओं पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा व केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, ध्रुवीकरण की राजनीति से भाजपा को लाभ हो रहा है, लेकिन देश को नुकसान हो रहा है। देश के हालात पर पीएम नरेंद्र मोदी को चुप्पी तोड़नी चाहिए। उन्हें देश के सामने आकर बात रखनी चाहिए। हालात बिगड़ने देने के बजाय संभालने की आवश्यकता है। वे पहले ही कह रहे हैं कि ध्रुवीकरण की राजनीति उचित नहीं है। यह ऋषि-मुनियों का देश है। हमारे ऋषि-मुनियों ने प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया है। उसको लेकर आगे बढ़ने की जरूरत है। भाजपा की जिस राजनीति को लेकर मैंने आगाह किया था, उन्हीं बातों का रिएक्शन देखने को मिल रहा है। मैं नहीं समझता यह उचित है। हिंसा किसी भी स्थिति में उचित नहीं माना जा सकता।
उम्मीद के अनुसार नहीं आया परिणाम
हरियाणा राज्यसभा चुनाव पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, हम जैसा उम्मीद कर रहे थे वैसा परिणाम नहीं आया। जितने भी विधायक छत्तीसगढ़ आए थे वोट उन सभी ने डाला है। हम उम्मीद कर रहे थे कि हमें पूरे वोट मिलेंगे, लेकिन हमें पूरे वोट नहीं मिल पाए। जिसके कारण परिणाम अप्रत्याशित रहे हैं।
केंद्र से नहीं मिला है जवाब
खाद की कमी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा, शुक्रवार को कृषि मंत्री द्वारा पत्र लिखा गया है। मई महीने में जितना यूरिया आना था वह अब तक नहीं पहुंचा है। केंद्र सरकार द्वारा लगातार इसमें कटौती की जा रही है। अब तक कुल 60 प्रतिशत यूरिया, 39 प्रतिशत डीपीए दिया गया है। खाद की कमी का खामियाजा किसान को ही भुगतना पड़ेगा। यह कृषि का महीना है। किसान इस वक्त अपने खेती-किसानी की तैयारी में जुट जाते हैं। केंद्र सरकार इसे नहीं समझ पा रही है। ना ही उनकी ओर से इस मामले में अब तक कोई जवाब मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *