रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। राज्य सरकार ने मंगलवार को एक साथ आधा दर्जन से ज्यादा आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में प्रदेश के कुल 6 आईएएस अधिकारियों का नाम शामिल है। 2006 बैच के आईएएस अंकित आनंद बिजली विभाग के सचिव और बिजली कंपनियों के अध्यक्ष के साथ सीएम सचिवालय में सचिव बनाया गया है। वहीं गरियाबंद जिले के कलेक्टर नम्रता गांधी को मंत्रालय बुलाया गया। उनके स्थान पर अब प्रभात मलिक को गरियाबंद जिले का कलेक्टर बनाया गया है। रवि मित्तल सीईओ जिला पंचायत रायगढ़ को सीईओ जिला पंचायत रायपुर, मयंक चतुर्वेदी सीईओ जिला पंचायत रायपुर को निगम आयुक्त रायपुर और सीईओ स्मार्ट सिटी रायपुर, अविनाश मिश्रा एसडीएम दंतेवाडा को सीईओ जिला पंचायत रायगढ़ पदस्थ किया गया है।
बालोद एसपी बदले गए
बालोद एसपी गोवर्धन राम ठाकुर की राज्य सरकार ने छुट्टी कर दी है। उन्हें बालोद से हटाकर सहायक पुलिस महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय रायपुर में पदस्थ किया गया है। वहीं आईपीएस जितेंद्र कुमार यादव को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन भानुप्रतापपुर से बालोद जिले का एसपी बनाया गया है.