देश को गुमराह कर रहे हैं प्रधानमंत्री, केंद्र सरकार की वजह से बढ़ी कीमतें : सीएम भूपेश बघेल

Chhattisgarh

रायपुर : पेट्रोल-डीजल के वैट को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान की छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आलोचना की है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री देश को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। केंद्र सरकार की वजह से कीमतें बढ़ी हैं। अगर वैट की वजह से ऐसा है तो रसोई गैस की कीमतें क्यों बढ़ रही हैं? उस पर तो कोई वैट नहीं लगता।
छत्तीसगढ़ विधानसभा में गुरुवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी कोरोना की बैठक ले रहे थे। अचानक ही वे पेट्रोल-डीजल की बात करने लगे। मुख्यमंत्री ने कहा, सेंट्रल गवर्नमेंट एक्साइज ड्यूटी लगाती है, लेकिन अब इन्होंने सेस लगा दिया, इसका पूरा पैसा सेंट्रल गवर्नमेंट को मिलता है, राज्य सरकारों को नहीं। राज्य सरकारों का हक मारा गया।
सेस कम नहीं करते, राज्यों को दे रहे नसीहत
मुख्यमंत्री ने कहा, केंद्र सरकार को छत्तीसगढ़ को 30 हजार करोड़ की राशि देनी है। जहां तक वैट की बात है तो छत्तीसगढ़ में 24 प्रतिशत वैट लगाया जा रहा है। बाकी राज्यों में 29 से 31 प्रतिशत तक वैट लगाया जा रहा है। उसमें भाजपा शासित राज्य भी हैं। वे पहले भाजपा शासित राज्यों मे वैट कम करें। खुद सेस कम नहीं करते और राज्यों को नसीहत दे रहे हैं।
सभी वस्तुओं के दाम बढ़े
मुख्यमंत्री ने कहा, यह पर उपदेश कुशल बहुतेरे वाली स्थिति है। पेट्रोल-डीजल के दाम रोज केंद्र सरकार बढ़ा रही है। रसोई गैस में तो वैट नहीं लगता, फिर उसके दाम क्यों बढ़ाए जा रहे। खाने के तेल की कीमतें क्यों बढ़ रही हैं। सभी वस्तुओं के दाम बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री देश के लोगों को बहकाने और झांसा देने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *