सास और जेठानी को चाय में नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया, ससुर को ऑटो लाने का कहते हुए सब लूट भागी लुटेरी दुल्हन, प्रकरण दर्ज

Uncategorized

मन्दसौर(मध्यप्रदेश) : मध्यप्रदेश के मंदसौर में लुटेरी दुल्हन चाय में नशीला पदार्थ देकर घर में रखे जेवर और नकदी लेकर फरार हो गई। नशीले पदार्थ के कारण तबीयत बिगड़ने पर पीड़ित परिवार की दो महिलाओं का मंदसौर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। शहर कोतवाली टीआई अमित सोनी ने बताया कि राम टेकरी के सत्यम विहार कॉलोनी के रहने वाले 30 वर्षीय प्रवीण पिता श्यामलाल माहेश्वरी के साथ घटना हुई है। परिवार प्रवीण के लिए लड़की तलाश रहा था। इस दौरान रतलाम की परिचित मंगला देवी ने बताया कि आरती नामक होशंगाबाद की एक लड़की उनकी नजर में है। हालांकि शादी की तैयारियों के लिए उन्हें दो लाख रुपए देने होंगे। इस पर परिवार ने मंगला देवी को दो लाख रुपए दे दिए। आर्य समाज से शादी करना तय हुआ तो पिछले शनिवार को लुटेरी दुल्हन आरती और भोपाल निवासी अर्जुन प्रजापति, पूजा समेत 5 लोग प्रवीण के घर आ गए। यहां 27 अप्रैल की तारीख शादी के लिए फिक्स हो गई।लुटेरी दुल्हन आरती यहीं पर रुक गई। दो दिन रुककर उसने सभी का भरोसा जीत लिया। हालांकि वह यहां रुककर रैकी कर रही थी।मंगलवार को जब परिवार के सदस्य काम पर चले गए तो शाम के समय उसने होने वाली सास विष्णु माहेश्वरी और जेठानी प्रियंका माहेश्वरी को चाय बनाकर पिलाई। चाय पीने के कुछ देर बाद दोनों बेहोश हो गईं। इसी समय अचानक ससुर श्यामलाल घर पहुंच गए। यह देख आरती ने तत्काल नाटक किया और होने वाले ससुर से कहा कि वह ऑटो लेकर आती है।उनकी हालत बिगड़ती देख ससुर ने परिवार के अन्य लोगों को कॉल किया और दोनों महिलाओं को अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि आरती के फिर नहीं लौटने और नकदी, जेवर गायब होने पर पुलिस को सूचना दी। शहर कोतवाली पुलिस ने लुटेरी दुल्हन आरती, मध्यस्थता करवाने वाली महिला मंगला देवी, भोपाल निवासी अर्जुन और पूजा के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *