रायपुर : खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों की उपस्थिति में यशोदा वर्मा नामांकन दाखिल करेंगी। कांग्रेस प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए कांग्रेस ने दो मंत्रियों के नेतृत्व में चुनाव संचालन समिति का गठन किया है। समिति में मंत्री रविंद्र चौबे, कवासी लखमा, राज्य पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, राजनांदगांव जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पदम कोठारी को जिम्मेदारी दी गई।
खैरागढ़ उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन दाखिल करने की रणनीति बनाई है। खैरागढ़ सीट पर कांग्रेस ने पहले ही अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी, इस मामले में पार्टी भाजपा से आगे निकल गई। अब नामांकन को दो दिन बाकी है। भाजपा और छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस भी अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा बुधवार को कर सकते हैं। इधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने खैरागढ़ उपचुनाव में यशोदा वर्मा को उम्मीदवार घोषित करने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, कांग्रेस महिला सशक्तिकरण की पक्षधर है। खैरागढ़ की जनता खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के संपूर्ण विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने खैरागढ़ की आम जनता की पसंद को अपना उम्मीदवार घोषित किया है और खैरागढ़ का हर कांग्रेस कार्यकर्ता इस उपचुनाव में कांग्रेस का प्रत्याशी है। हर महिला यशोदा वर्मा के रूप में चुनाव लड़ेगी।
छजकां प्रत्याशी तय करेंगी रेणु जोगी
विधायक देवव्रत सिंह के निधन के पश्चात रिक्त हुई खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव की तैयारी को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) द्वारा आज महत्वपूर्ण बैठक रखी गई, जिसमें टिकट चयन को लेकर दावेदारों की अंतिम सूची तैयार कर ली गई है। प्रत्याशी चयन का अंतिम निर्णय पार्टी सुप्रीमो डॉ. रेणु जोगी पर छोड़ा गया है। पार्टी प्रत्याशी का नामांकन 24 मार्च को भरा जाएगा। पार्टी के संसदीय बोर्ड ने खैरागढ़ उपचुनाव जीतकर दिवंगत विधायक देवव्रत सिंह को श्रद्धांजलि देने का निर्णय लिया है।