कोरोना काल में कोटेशन के आधार पर वैंटिलेटर खरीदी, होगी जांच…जांजगीर-चांपा जिले में भंडार क्रय नियम को ताक में रखकर 5 करोड़ की खरीदी

Uncategorized

रायपुर :  कोरोनाकाल में जांजगीर-चांपा जिले के लिए खरीदे गए वेंटिलेटर की संख्या पूर्व में 7 बताए जाने और बाद में 28 नग खरीदी किए जाने को लेकर भाजपा ने आरोप लगाया कि विधानसभा में गलत जानकारी दी जा रही है। भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि खरीदी में भंडार क्रय नियम का पालन नहीं किया गया। कोटेशन के आधार पर वेंटिलेटर क्रय किए गए हैं। मामले में विधानसभा अध्यक्ष ने मंत्री से कहा कि मामले में गड़बड़ी दिख रही है। आप जांच की घोषणा करेंगे या मैं जांच कराऊं। अध्यक्ष के कहने पर मंत्री ने मामले की जांच की घोषणा सदन में की।
भाजपा विधायक सौरभ सिंह ने पूछा कि जांजगीर-चांपा जिले में कितने वेंटिलेटर की खरीदी की गई। खरीदी करने भंडार क्रय नियम का पालन किया गया या नहीं। कितनी फर्माें ने इसमें भाग लिया? जवाब में वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने बताया, जांजगीर-चांपा जिले में 28 वेंटिलेटर की खरीदी की गई। इसमें 5 करोड़ रुपए व्यय हुए हैं। यह खरीदी कोटेशन मंगाकर की गई है। ये डीएमएफ और सीएसआर मद से खरीदे गए हैं। ड्रेगर कंपनी के 8 वेंटिलेटर 1 करोड़ 66 लाख 65 हजार 600 रुपए में खरीदे गए। एलाइड कंपनी के 10 वेंटिलेटर 1 करोड़ 92 लाख 29 हजार और रेसमेड कंपनी की 10 वेंटिलेटर 2 करोड़ 12 लाख 40 हजार में खरीदी किए गए।
कहां गए 21 वेंटिलेटर
सौरभ सिंह ने सवाल उठाया कि पिछले सत्र में जांजगीर-चांपा में 7 वेंटिलेटर होने की जानकारी दी गई थी तो शेष 21 वेंटिलेटर कहां गए? उन्होंने आरोप लगाया कि केवल दो कंपनियों से कोटेशन मंगाकर तीन अलग-अलग निर्माताओं के वेंटिलेटर अलग-अलग कीमतों पर खरीद लिए गए। उन्होंने जांच की मांग की। विधानसभा अध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद मंत्री ने मामले की जांच कराने की घोषणा की है।⁸

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *