यूपी चुनाव : भाजपा में भगदड़ से पार्टी में टूटन , लग रहा जाने के दिन आ गए

Chhattisgarh

रायपुर।उत्तरप्रदेश भाजपा में मंत्री विधायकों के लगातार पार्टी छोड़कर जाने को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तंज कसा है। उन्होंने कहा, भाजपा में भगदड़ मची हुई है। जो सब कुछ नियंत्रित दिखाई दे रहा था, अब वो डूबती जहाज में जिस तरह लोग भागते हैं वैसे ही भाग रहे हैं। पूरे देश में भाजपा के खिलाफ जो माहौल बना है, यह इसका उदाहरण है। चाहे वह भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व हो या राज्य सरकार हो, आम जनात की समस्याओं से उन्हें कोई लेना देना नहीं है। यही कारण है कि उत्तरप्रदेश जैसे बड़े राज्य में भाजपा का टूटन ये संकेत दे रहा है कि भाजपा के जाने के दिन आ गए हैं।

स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा, भाजपा सरकार ने जितना अधिकतम धान खरीदा था, उससे ज्यादा धान हम इस बार खरीद चुके हैं। करीब 69 लाख मीट्रिक धान की खरीदी हो चुकी है। छत्तीसगढ़ सरकार को किसानों का विश्वास हासिल है और प्रदेश की सरकार किसानों की सरकार है। धान खरीदी के मुद्दे पर बात करते हुए मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा है कि किसानों को किसी भी तरह का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। यदि तय समय पर धान की खरीदी पूरी नहीं हो पाई तो आवश्यकता पड़ने पर धान खरीदी की तारीख भी बढ़ाई जाएगी। विभागीय मंत्री और कलेक्टरों को हालात पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। धान खरीदी की तारीख बढाने के संबंध में समीक्षा भी की जा रही है। किसानों को टोकन वितरण होने के बाद भी यदि वो धान नहीं बेच पाते हैं, तो उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। असामयिक बारिश से उन्हारी और रबी के फसल को नुकसान हुआ है। नुकसान का आंकलन कराया जा रहा है।
यूपी चुनाव प्रचार की आज से शुरूआत
मुख्यमंत्री ने अपने दौरे को लेकर कहा कि दिल्ली में यूपी चुनाव को लेकर रणनीति बनेगी। रविवार को दिल्ली से लगे यूपी के क्षेत्र में प्रचार अभियान की शुरूआत होगी। अभियान में कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी और कांग्रेस के कई लीडर मौजूद रहेंगे।

बचाव के लिए कुछ भी बयान दे रहे जीपी
नान घाेटाले में रमन सिंह और उनके परिजनों को फंसाने को लेकर निलंबित एडीजी जीपी सिंह के बयान पर सीएम ने कहा, उसके बारे मे मैं कुछ नहीं कहुंगा। अभी इस पर जांच चल रही है। वो अपने बचाव में कुछ भी बयान करेंगे यह उचित नहीं हैं। सुप्रीम कोर्ट तब ने उसकी जमानत की याचिका खारिज कर दी तब गिरफ्तारी हुई है। मामला अपने आप में बहुत संगीन है। अब वो बचने के लिए कुछ भी बयान करे उसका कोई औचित्य नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *