राज्यपाल से कवर्धा में हिन्दू समाज के साथ हुए अत्याचार को लेकर प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात की

Chhattisgarh

रायपुर। महामहिम राज्यपाल महोदया सुश्री अनुसुईया उइके से कवर्धा में ध्वज विवाद के बाद उपजे परिस्थितियों व हिन्दुओं के साथ हो रहे अत्याचार को लेकर भाजपा का एक प्रतिनिधि मंडल राजभवन में जाकर मुलाकात किया। प्रतिनिधि मंडल में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह, पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, शिवरतन शर्मा, सांसद संतोष पाण्डेय, सुनील सोनी, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, भाजपा प्रदेश मंत्री विजय शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष कवर्धा अनिल सिंह, पूर्व विधायक अशोक साहू, मोतीलाल चंद्रवंशी शामिल थे। प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके से इस मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए डाॅ. रमन सिंह ने कहा कि कवर्धा में परिस्थितियां बेहतर हो सकती थी लेकिन जिम्मेदार लोगों ने इस मामले में उचित कदम नहीं उठाया जिसके कारण इस घटना को विस्तार मिला और जिम्मेदार लोगों पर ठोस कार्यवाही नहीं होने से आक्रोश बढ़ता गया। इस घटना में निर्दोषों के साथ हुई कार्यवाही से पूरे कवर्धा के साथ पूरे प्रदेश में आक्रोश स्वाभाविक है।

पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि इस पूरी घटना में प्रशासन पर्दा डालने का काम कर रही है जिसके चलते ही जनाक्रोश बढ़ा है और जो कार्यवाही एकतरफा हुई है उससे हिन्दू समाज में नाराजगी है। इस पूरे मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही और निर्दोषों के रिहाई के लिए तत्काल फैसले लिए जाने चाहिए।

सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि कई वर्षों से कवर्धा में एक वर्ग विशेष के द्वारा वातावरण को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही थी और उन्हें प्रशासन का मौन समर्थन भी मिल रहा था। कवर्धा हिन्दू धर्म गुरूओं के लिए एक पवित्र स्थान है। यहां के सामाजिक समरसता, सौहार्द्रता को मजबूत बनाने के लिए हिन्दू समाज हमेशा एकजुटता से कार्य करता रहा है। कुछ विघ्न संतोषी तत्व वातावरण को बिगड़ना चाहते है जिनको किनका समर्थन है वह सब जानते है।

पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने कहा कि कवर्धा एक शांति के टापू के रूप में जाना जाता है इसे कौन अशांत बना रहा है और इसके लिए कौन जिम्मेदार है वे लोग सबके सामने है। लेकिन कांग्रेस सरकार के दबाव में एकतरफा कार्यवाही की जा रही है और इसमें क्षेत्र के ऐसे जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भी कार्यवाही की जा रही है जो वातावरण को बेहतर बनाने में जुटे हुए है। जो बेहद ही शर्मनाक और निंदनीय है।

भाजपा प्रदेश मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा में हिन्दू समाज पर जो कार्यवाही की जा रही है उसके कारण हिन्दू समाज में आक्रोश का भाव है। इसके बाद भी समूचा समाज मौनता के साथ कवर्धा में शांति के लिए जुटा हुआ है लेकिन कांग्रेस के दबाव में प्रशासन, स्थानीय विधायक व मंत्री के आगे नतमस्तक है। कवर्धा में वातावरण किसके कारण बिगड़ा है यह सब जानते है लेकिन कथित तौर पर हम पर आपराधिक मामला दर्ज कर प्रशासन इस मामले को और हवा देने में जुटी है। प्रशासन को सर्वहित का ध्यान रखते हुए उचित कार्यवाही और दोषियों के खिलाफ ठोस कार्यवाही करना चाहिए ताकि जो आक्रोश है वह शांत हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *