बदजुबानी का इतिहास रहा है कांग्रेस का : भाजपा

Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ : रायपुर भारतीय जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के ट्वीट को लेकर कांग्रेस को हुई पीड़ा को हास्यास्पद बताया है। पार्टी ने कहा कि राजनीति में भाषा और वाणी-संयम की सीख कांग्रेस किसी को देने का अधिकार नहीं रखती।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता व विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह के ट्वीट करने पर कांग्रेस के लोगों को पीड़ा होना हास्यास्पद है। डॉ. सिंह ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली व ‘जांच-जांच‘ खेलने पर कटाक्ष किया है और सवाल किया कि संख्या में अधिक हो जाने से क्या सियारों ने सिंह पर विजय पाई है? कांग्रेस नेता डॉ. सिंह पर ऊलजलूल टिप्पणियां कर ‘सियार‘ शब्द पर तिलतिलाए क्यों है? कांग्रेसियों की यह तिलमिलाहट तब कहां थी जब सोनिया गांधी ने नरेन्द्र मोदी को मौत का सौदागर कहा था? गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर आज प्रधानमंत्री पद पर बैठे मोदी पर न जाने कितनी ही अभद्र-असंसदीय टिप्पणियां कांग्रेस के बड़े नेताओं ने की है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तो मानसरोवर की यात्रा के बाद से प्रधानमंत्री मोदी को ‘चोर‘ कहने का कोई मौका नहीं छोड़ते। प्रदेश के मुख्यमंत्री तक ऐसी ही टिप्पणी मोदी को लेकर कर चुके हैं। कांग्रेस के लोगों को याद रखना चाहिए कि हाल ही में छत्तीसगढ़ के पूर्व कांग्रेस प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के अस्वस्थ होने पर जिस अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, क्या वह वाणी-संयम की मिसाल है? शर्मा ने कहा कि आज डॉ. सिंह के कथन पर वाणी-संयम और भाषा की मर्यादा का ख्याल कांग्रेसियों को आ गया! डॉ. सिंह ने तो मर्यादित भाषा में एक मुहावरे का इस्तेमाल किया है तो फिर ‘सियार‘ शब्द पर कांग्रेस के छुटभैये ‘हुआ-हुआ‘ क्यों करने लगे? भाजपा प्रवक्ता-विधायक शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के लोग पहले अपना गिरेबां झांकें, अपनी भाषा पर संयम रखने का अभ्यास करें। भाजपा को उनकी सीख और नसीहतों की जरूरत नहीं है। प्रदेश सरकार जिस रीति-नीति पर चलकर काम कर रही है, वह छत्तीसगढ़ के सद्भावनापूर्ण राजनीतिक परिवेश के अनुकूल नहीं है। प्रदेश सरकार उदार होकर जनकल्याण के कामों पर धयान दे, राजनीतिक प्रतिशोध निकालने में वक्त जाया न करे। कानून-व्यवस्था को संभाले सरकार: भाजपा
रायपुर : भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में लगातार कानून-व्यवस्था की बिगड़ती दशा और बढ़ते नक्सली हमलों पर चिंता जताई है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व विधायक श्रीचंद सुन्दरानी ने बुधवार को जारी अपने वक्तव्य में कहा कि प्रदेश में इन दिनों कानून-व्यवस्था पर कहीं कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। राजधानी समेत प्रदेश के सभी बड़े शहरों-नगरों-कस्बों और गांवों में हत्या, लूट, बलात्कार, मारपीट की वारदातें हो रही हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पुलिस प्रशासन को चुस्त-दुरुस्त करने की हवा-हवाई बातें ही कर रहे हैं और पूरे पुलिस तंत्र को राजनीतिक प्रतिशोध के काम में लगाकर कानून-व्यवस्था, सुरक्षा जैसे संवेदनशील मसलों से आंखें फेर ली है। सुन्दरानी ने कहा कि एक तरफ आम लोगों की जिंदगी असुरक्षित होती जा रही हे तो दूसरी तरफ प्रदेश सरकार ‘हनीमून मूड‘ से उबर ही नहीं पा रही है। इसी का नतीजा है जिन नक्सलियों पर पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने अंकुश लगा रखा था, वे फिर से अपनी दहशतगर्दी पर उतर आए हैं और दंतेवाड़ा जिले में फिर सीआरपीएफ के जवानों को रसद पहुंचाकर लौट रहे एक वाहन को निशाना बनाया। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अब सरकार कर्जमाफी का भ्रमजाल बुनना छोड़कर और ‘हनीमून मूड‘ से उबरकर प्रदेश की जनता को सुरक्षा की गारंटी देने के मामले में संजीदा हो। चुप रहने से अपराध छिप नहीं जाएगा: भाजपा
रायपुर : भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मंत्री मो. अकबर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के अपमान के लिए निशाना साधा है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश सरकार के मुखिया और उनके मंत्री राष्ट्रीय ध्वज के घोर अपमान के मामले पर चुप्पी साध कर उसे दबाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें इस मामले को लेकर जरा-भी अपराधबोध नहीं होना निश्चित रूप से गंभीर मसला है। मुख्यमंत्री राष्ट्रीय ध्वज के स्थान पर कांग्रेस का झंडा फहराकर राजीव भवन में राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करते हैं और उनके मंत्री राष्ट्रीय ध्वज को सलामी नहीं देकर। इस मामले में अपनी नैतिक जिम्मेदारी लेने के बजाय दोनों महानुभव अपने अपराध पर लीपापोती करने की कोशिश कर रहे हैं। श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश सरकार इस मामले में कठघरे में है और इस मुद्दे पर चुप्पी साधकर वह कई सवाल पैदा कर रही है। कांग्रेस के नेताओं के मुंह भी सिल गए है, इससे यह साफ जाहिर होता है कि कांग्रेस नेता लोकतंत्र, गांधीवाद के नाम पर सियासत का सिर्फ ढोंग कर रहे हैं। सरकार और कांग्रेस को अब तो इस मुद्दे पर अपना नजरिया साफ करना ही होगा, अन्यथा भाजपा इस मुद्दे पर अपनी रणनीति बनाकर जनआंदोलन खड़ा करेगी।श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा राष्ट्रीय अस्मिता के साथ किए गए खिलवाड़ पर भाजपा चुप नहीं बैठने वाली है। पार्टी मुख्यमंत्री की बर्खास्तगी की मांग पर अडिग है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *