डूबते साथी को बचाने गये तीन और किशोरों की जल समाधि

Madhyapradesh

अरुण गुप्ता : सीधी : सिंगरौली जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र के लमसरई व रमडिहा गांव के चार किशोर नदी में नहाने गये थे। नहाने के दौरान लमसरई कुड़ारी सोन नदी में डूबने से चारों किशोरों की जल समाधि हो गयी है।

उक्त घटना एमपी-यूपी बार्डर पर होने के चलते सिंगरौली व सोनभद्र पुलिस ने स्थल पर पहुंच गोताखोंरो के माध्यम से किशोरों के शव को तलाशने में जुट गयी। यह घटना शनिवार की सुबह तकरीबन 11 बजे की बताई जा रही है।
जब इस घटना की खबर जिले के कलेक्टर राजीव रंजन मीना को लगी तो तत्काल कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक घटना स्थल पहुंच गये और गोताखोंरो के माध्यम से एक किशोर के शव की पतासाजी करते हुये सोन नदी से निकाल लिया गया। लेकिन अभी तक तीन का शव नहीं मिल पाया है।
इस घटना के बाद लमसरई और रमडिहा गांव में मातम का माहौल निर्मित हो गया है। बिलखते परिजनों को ढ़ाढस बंधाने में प्रशासन के साथ-साथ क्षेत्रवासी लगे हुये हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गढ़वा थाना क्षेत्र के अमित कुमार पिता राजेश वैश्य उम्र 15 वर्ष,आनंद कुमार पिता लालपति वैश्य उम्र 13 वर्ष,रोहित कुमार पिता लालबहादूर वैश्य उम्र 13 वर्ष तीनो निवासी लमसरई व राहुल पिता कुंजलाल वैश्य उम्र 15 वर्ष निवासी रमडिहा लमसरई सोन नदी में शनिवार की सुबह 11 बजे नहाने गये हुये थे। बताया जाता है कि यह किशोर लमसरई गांव में ट्यूशन पढ़कर वापस लौट रहे थे तो सोन नदी में नहाने चले गये। जब सोन नदी में आनंद कुमार ने छलांग लगाई तो डूबने लगा। डूबते साथी को बचाने और तीन बच्चो ने छलांग लगा दी। सोन नदी में डूबने के बाद तत्काल अन्य बच्चों के द्वारा इसकी सूचना परिजनो को दी गई। लेकिन यह मामला उत्तरप्रदेश के सोनभद्र जिले के जुगैंल थाना क्षेत्र का होने के चलते यूपी पुलिस भी स्थल पर पहुंची। लेकिन सभी बच्चे सिंगरौली के गढ़वा थाना क्षेत्र के लमसरई गांव के होने के चलते गढ़वा,चितरंगी पुलिस तत्काल घटना स्थल पर पहुंच गयी। और जब इस घटना की खबर कलेक्टर व पुलिस कप्तान को हुयी तो तत्काल जिला मुख्यालय बैढऩ से घटना स्थल लमसरई के लिये रवाना हो गये।
फिलहाल गोताखोरों के माध्यम से पुलिस ने आनंद कुमार पिता लालपति वैश्य के शव को नदी से निकाला गया है। लेकिन अभी तक तीन किशोरों के शव की तलाश नहीं हो पायी है।
वहीं घटना का जायजा लेने के लिये मौके पर चितरंगी एसडीएम नीलेश कुमार शर्मा,तहसील कुनाल राउत,गढ़वा थाना प्रभारी संतोष तिवारी,चितरंगी थाना प्रभारी रावेन्द्र द्विवेदी के साथ-साथ भारी पुलिस बल व गांव की जनता डटी हुयी है।

शेष तीन किशोरों के शव को तलाशने में जुटे गोताखोर

बताया जाता है कि सोन नदी में पुलिस काफी संख्या में गोताखोरों के माध्यम से नदी में शव को खोजने के लिये जुटी है। गोताखोर नदी में छलांग लगाये। लेकिन अभी तक गोताखोरो को तीन शव नही मिल पाये हैं।

एमपी-यूपी से पहुंचा बचाव दल

बताया जाता है कि जब इस घटना की खबर एमपी-यूपी के प्रशासन को लगी तो दोनो प्रदेश का प्रशासन हरकत में आ गया। क्योंकि यह चारों किशोर मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। और यह घटना उत्तरप्रदेश के सोनभद्र जिले के जुगैंल थाना क्षेत्र के कुड़ारी में हुयी है। ऐसे में दोनो जिलों का प्रशासन एलर्ट है। बताया जाता है कि प्रशासनिक अमले के साथ-साथ भारी संख्या में पुलिस बल सोन नदी पर डटा हुआ है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के चलते दोनों प्रदेश की जनता भी अपने-अपने तरीके से शव को खोजने में जुटी हुयी है। लेकिन अभी तक शव की तलाश नहीं हो पायी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *