रायपुर. 24 जून 2020. बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के धाराशिव में प्रवासी श्रमिकों की ज्यादा संख्या के कारण उन्हें आसपास के गांवों में बने क्वारेंटाइन सेंटर्स में रखा जा रहा है। वहां सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के साथ ही उनकी समुचित जांच एवं देखभाल की जा रही है। धाराशिव लौटने वाले कुछ प्रवासी श्रमिकों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के कारण इसे जिला प्रशासन द्वारा कंटेनमेंट जोन घोषित कर बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश निषेध किया गया है।
धाराशिव में ज्यादा संख्या में प्रवासी श्रमिकों की वापसी को देखते हुए खेल मैदान में अस्थायी शेड बनाया गया है, जिससे कि सीधे बाहर से आने वाले श्रमिक क्वारेंटाइन सेंटर पहुंचने से पहले थोड़ी देर आराम कर सकें। धाराशिव लौटने वाले 105 श्रमिकों को रवान और चांपा के क्वारेंटाइन सेंटर्स में रखा गया है। विगत 17 जून को गांव लौटने वाले प्रवासी श्रमिकों को भी शेड में कुछ समय विश्राम करने के बाद अर्जुनी के नवीन छात्रावास भवन में क्वारंटीन किया गया है। गांव लौटने वाले सभी श्रमिकों को समुचित सुविधाओं वाले क्वारेंटाइन सेंटर्स में ही रखा जा रहा है।