रायपुर, 24 मई 2020/ छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद असलम खान ने प्रदेश वासियों को ईद की दिल्ली मुबारकबाद देते हुए अपील की है कि मौजूदा हालात को देखते हुए ईद के दौरान प्रशासन के सभी निर्देशों, लॉकडाउन, धारा-144 और फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अपने घरों में ही चाश्त की नफिल नमाज अदा करें। मस्जिद, ईदगाह और कब्रिस्तानों में हरगिज भीड़ न लगाए और अपने घरों में रहे। उन्होंने कहा कि इस साल ईद की खुशियां लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों की मदद कर मनाए। प्रदेश और राष्ट्र हित में ईद के दिन पूरी दुनिया के लोगों के लिए कोरोना वायरस से हिफाजत की दुआ करें।
मोहम्मद असलम खान ने मुस्लिम समाज के लोगों से यह भी अपील की है कि वे पुलिस-प्रशासन का पूरा सहयोग करें और अपने घरों में ही रहकर ईद मनाएं। किसी भी गैरजरूरी कामों अथवा ईद मिलने के लिए घरों से बाहर न निकले। उन्होंने मुस्लिम समाज की ओर से ईद के पहले आवश्यक सामग्री की दुकान खोलने की मुकम्मल व्यवस्था कराने के लिए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के प्रति आभार व्यक्त किया।