रायपुर, 26 अक्टूबर 2026। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान तेलीबांधा, टाटीबंध, हीरापुर रिंग रोड नंबर-2 और सिलतरा बाईपास स्थित रिंग रोड नंबर-4 पर कार्रवाई की गई। यातायात में बाधा बन रहे दोपहिया और चारपहिया वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया गया। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और डीसीपी ट्रैफिक एंड प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत तेलीबांधा क्षेत्र में करेंसी टावर और एरीना होटल के सामने सर्विस रोड पर खड़े वाहनों को हटाया गया। इसके अलावा टाटीबंध, हीरापुर रिंग रोड नंबर-2 और सिलतरा बाईपास पर भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
पहले दी समझाइश, फिर काटे चालान
कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस ने अनाउंसमेंट के जरिए वाहन चालकों को अपने वाहन हटाने और निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने की सूचना दी। इसके बावजूद नो पार्किंग में खड़े पाए गए वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। यातायात बाधित करने वाले वाहनों को क्रेन से हटाया गया और संबंधित वाहन चालकों के ई-चालान काटे गए।
सर्विस रोड पर पार्किंग से बढ़ता है जाम का खतरा
यातायात पुलिस के अनुसार, नो पार्किंग में वाहन खड़े करने से सड़क की उपलब्ध चौड़ाई कम हो जाती है। इससे यातायात का दबाव बढ़ने के साथ ही आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती है। विशेष रूप से सर्विस रोड और मुख्य मार्गों पर अनधिकृत पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।
लगातार जारी रहेगा अभियान
शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए पुaलिस ने नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने की बात कही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध ई-चालान, क्रेन से वाहन हटाने सहित नियमानुसार अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सर्विस रोड, मुख्य मार्गों और नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े करने से बचें तथा यातायात नियमों का पालन कर शहर की व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।