जशपुर। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जशपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ सघन अभियान लगातार जारी है।
पिछले दो दिनों में विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई छापामार कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 100 लीटर से अधिक कच्ची महुआ शराब तथा बिक्री के लिए रखी गई देसी एवं अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस दौरान 23 से अधिक प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
सिटी कोतवाली जशपुर :-
दिनांक 01 मार्च 2026 को सिटी कोतवाली क्षेत्र में पुलिस टीम ने 07 अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 50 लीटर देसी महुआ शराब जब्त की। 07 आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।
थाना पत्थलगांव :-
पत्थलगांव क्षेत्र के सुड़कीपारा, तमता, गोड़ी कला, गाला, बहना टांगर, चिडरापारा, करंगाबहला एवं बैगापारा पाकरटोली में 08 प्रकरणों में छापेमारी कर 54 लीटर कच्ची महुआ व अंग्रेजी शराब जब्त की गई।उर्मिला मिंज, भानुप्रताप सिंह, नान बाई लहरे, शिवकुमार मांझी, अतुल मिंज, सुमित्रा चौहान एवं कमलसाय लकड़ा के विरुद्ध धारा 34(1)(क)(ख) के तहत कार्रवाई की गई, जबकि संतोष कुमार बंजारा के पास 35 लीटर कच्ची महुआ शराब मिलने पर धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
थाना दुलदुला :-
ग्राम बरपानी में बिरसा मुनी साय के पास से बिक्री हेतु रखी गई 04 लीटर बीयर जब्त कर धारा 34(1) के तहत कार्रवाई की गई।
थाना बागबहार :-
मयूरनाचा निवासी सीता के विरुद्ध घर पर शराब पिलाने के मामले में धारा 36(ग) के तहत कार्रवाई करते हुए 100 एमएल कच्ची महुआ शराब जब्त की गई।
थाना फरसाबहार :-
भगोरा तिराहा के पास सार्वजनिक स्थल पर शराब सेवन करते पाए गए राम दास राम के विरुद्ध धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई।थाना बगीचामहादेवडांड एवं डूमरटोली में 07 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर सहोदा सारथी एवं जागेश्वर विश्वकर्मा के विरुद्ध धारा 31(1)(क) के तहत कार्रवाई की गई।
कांसाबेल क्षेत्र :-
ग्राम डबनीपानी में विधि कुमार सिदार के पास से 04 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर धारा 34(1)(क) के तहत मामला दर्ज किया गया।
दोकड़ा क्षेत्र :-
ग्राम बासबहार में सांझरू साय के पास से 03 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर धारा 34(1)(क) के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस की अपील :-
जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व के दौरान नशे से दूर रहें और शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं। कानून एवं शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
होली से पहले इस व्यापक कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और प्रशासन किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।