रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि, कांग्रेस को किसी भी अच्छे काम में अच्छाई दिखाई नहीं देती। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सेवा सम्मान पर्व में रक्तदान करने वाली छत्तीसगढ़ की 11 हजार से अधिक महिलाओं का सम्मान किया। लेकिन माताओं का यह सम्मान उनसे देखा नहीं जा रहा है। उन्होंने युवा प्रबोधन में राज्य के युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस पर भी उन्हें दर्द हो रहा है। साव ने कहा कि राष्ट्रपति जी ने पूज्य माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर 200 रुपए का स्मारक सिक्का जारी किया। विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा में शामिल हुई। कांग्रेस को यह सब भी अच्छा नहीं लग रहा है। यह उसकी नकारात्मक मानसिकता को दर्शाता है।
साव ने कहा कि कांग्रेस आज भी ऐसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है, जिनसे आम लोगों का कोई सरोकार नहीं है। जिस नेतृत्व में कांग्रेस 100 चुनाव हार चुकी है, उसके बावजूद कांग्रेस अपनी रणनीति बदलने को तैयार नहीं है। ईवीएम, चुनाव आयोग और एसआईआर जैसे विषयों पर बार-बार सवाल उठाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का पूरा ध्यान राहुल गांधी को लांच करने पर है। जब प्रोडक्ट ही खराब है तो वह कभी लांच हो नहीं सकता है, इसलिए बार बार वह फेल होंगे।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस को सत्ता का अवसर दिया था, लेकिन पार्टी ने प्रदेश को अपराध, भ्रष्टाचार और नशे की समस्या से घेर दिया। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार बढ़ा, विकास कार्य प्रभावित हुए और प्रदेश की संस्थाओं को नुकसान पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जनता के विश्वास का दुरुपयोग किया और प्रदेश के संसाधनों की लूट की। छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस की सरकारों के कामकाज को देखा और उनके परिणाम भी भुगते हैं।
साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता अब कांग्रेस की सच्चाई जान चुकी है। प्रदेशवासी विकास, सुशासन और जनकल्याण के पक्ष में हैं। कांग्रेस के झूठे वादों और भ्रामक प्रचार से जनता दोबारा गुमराह होने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न सकारात्मक सोच है और न ही जनहित का कोई ठोस एजेंडा है। इसलिए छत्तीसगढ़ में इनकी दाल कभी नहीं गलेगी। आने वाले 25 सालों तक राज्य में कांग्रेस के आने की कोई दूर दूर तक संभावना नहीं है।