सुकमा में CRPF के सब-इंस्पेक्टर ने सर्विस हथियार से खुद को मारी गोली, उपचार के दौरान मौत

Uncategorized

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में मेट्टागुड़म कैंप में पदस्थ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक उपनिरीक्षक की खुद को गोली मारने से मौत हो गई। घटना 13 अक्टूबर की मध्यरात्रि करीब 12 से 12:30 बजे के बीच की बताई गई है। मृतक की पहचान 131वीं वाहिनी सीआरपीएफ में पदस्थ उपनिरीक्षक देवानंद यादव, पिता रामानंद यादव, के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक देवानंद यादव ने अज्ञात कारणों से अपने सर्विस हथियार से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद कैंप में मौजूद साथी जवानों और अधिकारियों ने उन्हें तत्काल फील्ड एंबुलेंस की मदद से इल्मागुड़ा कैंप पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।पुलिस द्वारा मृतक के पार्थिव शरीर का नियमानुसार पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे गृह ग्राम भेजने की व्यवस्था की जा रही है। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *