बीजापुर, 1 सितंबर 2026। साइबर अपराधों से नागरिकों को बचाने के उद्देश्य से साइबर जागृति अभियान के तहत बीजापुर पुलिस ने साइबर सेल, थाना नैमेड और थाना जांगला क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान नागरिकों, ग्रामीणों और बैंक ग्राहकों को ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।

साइबर सेल बीजापुर की टीम ने सहकारी बैंक बीजापुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ATM फ्रॉड, OTP के दुरुपयोग और संदिग्ध लिंक के जरिए होने वाली साइबर ठगी से सावधान रहने की समझाइश दी। लोगों को बताया गया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
थाना नैमेड पुलिस ने SBI शाखा नैमेड में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। बैंक ग्राहकों और ग्रामीणों को KYC के नाम पर होने वाली ठगी, UPI और QR कोड फ्रॉड, फर्जी कॉल एवं लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी के तरीकों के बारे में जानकारी दी गई।
वहीं थाना जांगला क्षेत्र में पुनर्वासित माओवादियों और ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें OTP, UPI PIN, ATM PIN, CVV और पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई। साथ ही ऑनलाइन लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की समझाइश दी गई।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग या निजी जानकारी साझा न करें। साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता ही सबसे प्रभावी सुरक्षा है।