रायपुर। भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी मेंa एक बार फिर भव्य दही हांडी उत्सव का आयोजन होने जा रहा है। सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति एवं श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के विशेष सहयोग से 5 सितंबर 2026, शनिवार को अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड, गुढ़ियारी में विशाल दही हांडी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। दोपहर 3 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में इस बार विजेता गोविंदा टोली के लिए 15 लाख रुपये का नकद पुरस्कार रखा गया है।
समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल ने बताया कि आयोजन का यह 16वां वर्ष है। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, झारखंड, ओडिशा सहित अन्य राज्यों की गोविंदा टोलियां हिस्सा लेंगी। अब तक रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव समेत विभिन्न क्षेत्रों की करीब 26 पुरुष एवं महिला गोविंदा टोलियां पंजीयन करा चुकी हैं। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के भंडारा, इंदौर एवं जबलपुर से भी टोलियों ने पंजीयन कराया है। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा रहा है।

बी प्राक और लखबीर सिंह लक्खा होंगे मुख्य आकर्षण :-
दही हांडी उत्सव में इस बार धार्मिक आयोजन के साथ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा। लोकप्रिय गायक बी प्राक अपनी प्रस्तुति से युवाओं में जोश भरेंगे। वहीं अंतरराष्ट्रीय भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से माहौल को भक्तिमय बनाएंगे। छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर भी अपनी प्रस्तुति देंगी। आयोजन में बड़ी संख्या में कृष्ण भक्तों के साथ युवा वर्ग के शामिल होने की उम्मीद है।
पुरुष, महिला और ग्रीस लगे खंभे वाली दही हांडी :-
इस वर्ष प्रतियोगिता में पुरुष दही हांडी, महिला दही हांडी और ग्रीस युक्त खंभा दही हांडी विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। अलग-अलग राज्यों से आने वाली गोविंदा टोलियां दही हांडी फोड़ने के लिए अपनी टीमवर्क, साहस और कौशल का प्रदर्शन करेंगी। विजेता टोली को 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी, जबकि अन्य प्रतिभागी टोलियों को भी समिति की ओर से सांत्वना राशि प्रदान की जाएगी।
सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम :-
आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गोविंदा टोलियों की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। समिति द्वारा प्रशासन के सहयोग से पुलिस व्यवस्था, प्राथमिक उपचार केंद्र और आपात स्थिति के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए भी समुचित इंतजाम किए गए हैं। समिति ने सभी गोविंदा टोलियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
कृष्ण भक्ति में गूंजेगा ‘जय कन्हैया लाल की’ :–
समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल एवं सह-संयोजक हेमेंद्र साहू ने रायपुरवासियों, कृष्ण भक्तों और युवाओं से बड़ी संख्या में आयोजन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दही हांडी उत्सव भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, उत्साह और सामाजिक एकता का पर्व है। इस दौरान “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गुढ़ियारी का माहौल भक्तिमय होगा।प्रेस वार्ता में पुष्पेंद्र उपाध्याय, हेमेंद्र साहू, दीनानाथ शर्मा, घनश्याम पारीक, आजाद गुर्जर, रमेश बंसल, शंकर बरवा, प्रकाश माहेश्वरी, पुरुषोत्तम देवांगन, संजय अग्रवाल, घनश्याम शर्मा, श्रवण शर्मा, दीपक राम एवं भगत अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।