सीतापुर। सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया। एमए एजुकेशन परिसर में विधानसभा स्तरीय सामूहिक रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में बहनें शामिल हुईं। हजारों बहनों ने सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की कलाई पर राखी बांधकर स्नेह और विश्वास जताया तथा उनसे रक्षा का वचन लिया।कार्यक्रम में बहनों के लिए 56 भोग का आयोजन भी किया गया। विधायक टोप्पो ने बहनों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके स्नेह, आशीर्वाद और विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया। बड़ी संख्या में राखियां बांधे जाने से विधायक की कलाई राखियों से भर गई।

पूरे कार्यक्रम में भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता और अपनत्व का भाव नजर आया।इस दौरान क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस को विधायक रामकुमार टोप्पो ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस सेवा से स्वास्थ्य संबंधी आपात परिस्थितियों में क्षेत्र के लोगों को त्वरित और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा, “पहले मैं भारत माता की सुरक्षा के लिए सीमा पर खड़ा था और आज अपने क्षेत्र की बहनों की रक्षा एवं सेवा के लिए सदैव तत्पर रहूंगा।”उन्होंने कहा कि बहनों का स्नेह और विश्वास उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के लिए वे लगातार काम करते रहेंगे। सामूहिक रक्षाबंधन का यह आयोजन सीतापुर विधानसभा क्षेत्र की बहनों के लिए यादगार बन गया।