बस्तर। केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा 2026 की कक्षा 5वीं और 8वीं की अंकसूचियों में सामने आई भारी त्रुटियों पर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) बस्तर ने मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए सहायक खंड शिक्षा अधिकारी एवं परीक्षा के नोडल अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

जारी आदेश के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में परीक्षा परिणाम और अंकसूची सुधार कार्य की समीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में त्रुटियां सामने आईं। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि सभी त्रुटियों का समय पर सुधार सुनिश्चित किया जाए और इसके बाद किसी भी गलती की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी। इसके बावजूद सुधार कार्य समय पर पूरा नहीं किया गया।BEO ने नोटिस में कहा है कि बार-बार अवगत कराने के बावजूद लापरवाही बरती गई, जो शासकीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर उदासीनता है और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के विपरीत है।
आदेश के मुताबिक, कक्षा 5वीं की 312 और कक्षा 8वीं की 173 अंकसूचियों में अब भी सुधार लंबित है। संबंधित अधिकारी को एक दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने और तीन दिन के भीतर सभी त्रुटियों का सुधार कर कार्यालय को जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।शिक्षा विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया और लंबित सुधार कार्य पूरा नहीं हुआ, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।यह मामला परीक्षा परिणामों की पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य से जुड़ा होने के कारण शिक्षा विभाग में गंभीर चर्चा का विषय बन गया है।