आगरा। अमेरिका के मैरीलैंड में दोस्त की हत्या कर भारत लौटे आरोपी अर्जुन शर्मा को तेलंगाना पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले करीब 15 दिनों से अपनी मां के साथ आगरा के कहरई स्थित शंकर ग्रीन अपार्टमेंट में रह रहा था। उसके खिलाफ इंटरपोल नोटिस और दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट से गैर-जमानती वारंट जारी था।आरोप है कि अर्जुन ने 31 दिसंबर 2025 की रात अपनी दोस्त निकिता गोडिशाला (27) को नए साल की पार्टी के बहाने अपने फ्लैट पर बुलाया था।
दोनों एक ही कंपनी में काम कर चुके थे और उनके बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के बाद अर्जुन ने निकिता की हत्या कर दी।हत्या के बाद खुद दर्ज कराई गुमशुदगीहत्या के बाद आरोपी ने मामले को दूसरा रूप देने की कोशिश की। उसने अमेरिका के हॉवर्ड काउंटी पुलिस स्टेशन में निकिता के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई और दावा किया कि निकिता सुबह करीब सात बजे उसके फ्लैट से चली गई थी।लेकिन जांच के दौरान एक अहम सुराग हाथ लगा। जांच एजेंसी को पता चला कि निकिता के मोबाइल फोन से उसके बैंक खाते से अर्जुन के खाते में रकम ट्रांसफर की गई थी। खास बात यह थी कि यह ट्रांजेक्शन उस समय के करीब एक घंटे बाद हुआ, जब आरोपी के मुताबिक निकिता उसके फ्लैट से जा चुकी थी।
इसी विसंगति ने जांच एजेंसियों का शक गहरा कर दिया।अमेरिका से भागकर भारत आयाजांच का शिकंजा कसने के बाद अर्जुन अमेरिका से भारत लौट आया। उसके खिलाफ इंटरपोल नोटिस जारी किया गया और भारतीय एजेंसियों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन आगरा में मिली, जिसके बाद तेलंगाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, अर्जुन मूल रूप से चेन्नई का रहने वाला है और सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। उसने अमेरिका में उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद वर्ष 2023 में नौकरी शुरू की थी। करीब ढाई साल अमेरिका में रहने के दौरान उस पर हत्या का आरोप लगा।जांच में सामने आया है कि आरोपी की मां पिछले करीब दो साल से आगरा के इसी अपार्टमेंट में रह रही थीं। हत्या के बाद अर्जुन भी बचने के लिए यहीं आकर उनके साथ रहने लगा था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या और उसके बाद भारत भागने की पूरी कड़ी खंगाल रही है।