मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, 6 अगस्त। जिले में नक्सल प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और आर्थिक सहायता के तहत शासन की केंद्रीय सहायता योजना के अंतर्गत एक पीड़ित परिवार को 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।जानकारी के अनुसार, 22 मार्च 2010 को थाना मानपुर क्षेत्र के ग्राम सुडियाल में हुई नक्सली हिंसा में ग्रामीण गंगा राम की उनके घर के सामने हत्या कर दी गई थी।

इस घटना के बाद उनकी पत्नी रामसो बाई को केंद्रीय सहायता योजना के तहत कुल 15 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह ने रामसो बाई को सहायता राशि प्रदान की। पीड़ित परिवार के सुरक्षित भविष्य और आर्थिक स्थिरता को ध्यान में रखते हुए 12 लाख रुपये फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) के रूप में तथा 3 लाख रुपये का चेक सौंपा गया।पुलिस प्रशासन ने बताया कि जिले में नक्सल पीड़ित परिवारों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने और उन्हें आर्थिक संबल उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्रभावित परिवार सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सकें।इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक नेहा पवार, मुख्य लिपिक प्रशांत राहुल तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के शाखा प्रभारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।