सुकमा, 24 जुलाई 2026,नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में पुलिस और ग्रामीणों के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई। पुलिस अधीक्षक सुकमा IPS मयंक गुर्जर के निर्देशन में थाना गोलापल्ली पुलिस ने ग्राम रसातोंग और गोंदीगुड़ा पहुंचकर स्थानीय भाषा में ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया।

इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं, सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और उन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया।गांव भ्रमण के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों से वर्तमान कानून-व्यवस्था, गांव की स्थिति और उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यक प्रपत्र तैयार किए। ग्रामीणों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

पुलिस ने ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव, नशामुक्ति, शिक्षा के महत्व और युवाओं को खेलकूद एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के संबंध में जागरूक किया। साथ ही बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील भी की गई।अभियान के दौरान गांव में रह रहे और कृषि कार्य कर रहे आत्मसमर्पित नक्सलियों का सत्यापन भी किया गया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।
SP मयंक गुर्जर के नेतृत्व में सुकमा पुलिस लगातार सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए गांव-गांव पहुंच रही है। स्थानीय भाषा में संवाद की इस पहल से ग्रामीणों का पुलिस पर विश्वास बढ़ रहा है और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास का माहौल मजबूत हो रहा है।