रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर इलाके में स्कूटी में आग लगाने की सनसनीखेज घटना में झुलसे युवक की मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 21 वर्षीय युवक को गैर-इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने गुस्से में अपनी ही स्कूटी में आग लगा दी थी।

आग बुझाने और उसे रोकने की कोशिश कर रहे उसके दोस्त साकिब रजा गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।पुलिस के अनुसार, थाना सरस्वती नगर में दर्ज मर्ग की जांच के दौरान मृतक साकिब रजा के परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए गए। जांच में पता चला कि आरोपी मुकेश निषाद ने 12 जुलाई को अपनी ओला स्कूटी अपने मित्र साकिब रजा को चलाने के लिए दी थी।
इस बात पर उसकी मां ने उसे कड़ी फटकार लगाई, जिससे वह बेहद नाराज और आक्रोशित हो गया।गुस्से में आरोपी अपने दोस्तों के साथ सुयश अस्पताल के सामने स्थित मैदान पहुंचा और अपनी स्कूटी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने लगा। इसी दौरान साकिब रजा ने उसे रोकने की कोशिश की और स्कूटी के ऊपर लेट गया, ताकि वाहन में आग न लग सके।
लेकिन आरोपी ने इसके बावजूद स्कूटी में आग लगा दी। आग की चपेट में आने से स्कूटी के साथ साकिब रजा भी गंभीर रूप से झुलस गया।घायल साकिब रजा को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन 17 जुलाई को डीकेएस अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।मामले की जांच में जुटी सरस्वती नगर पुलिस ने साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत अपराध दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश निषाद (21), निवासी रामसागर पारा, रायपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी।