बलौदाबाजार। जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक राय गौरव रामप्रवेश से सोमवार को छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, प्रशासनिक समन्वय बढ़ाने तथा जनहित के मुद्दों पर मिलकर काम करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

फेडरेशन के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक से अपेक्षा जताई कि उनके नेतृत्व में जिले में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा आम नागरिकों को बेहतर पुलिसिंग का लाभ मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन और कर्मचारी संगठनों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का भरोसा भी दिलाया।
पुलिस अधीक्षक राय गौरव रामप्रवेश ने प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन कानून का निष्पक्ष पालन, जनसुरक्षा और आम लोगों का विश्वास बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा। उन्होंने कहा कि सुशासन और जनहित के कार्यों को सफल बनाने में सभी विभागों और कर्मचारी संगठनों का सहयोग महत्वपूर्ण है।
प्रतिनिधिमंडल में जिला संयोजक डॉ. एल.एस. ध्रुव, प्रांत अध्यक्ष चेतन बघेल, सचिव मनोज दुबे, जिला उपाध्यक्ष संतोष साहू, ब्लॉक संयोजक बेनी राम साहू, प्रदेश संयोजक रमेश कुमार नेगी, जिला अध्यक्ष विनोद कुमार कुर्रे, रमेश कुमार लहरी, कोमल पौडवाल तथा महेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। सभी ने पुलिस अधीक्षक को पुष्पगुच्छ भेंट कर सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।