जशपुर। जशपुर जिले में पिकनिक मनाने गए एक 25 वर्षीय युवक की आकाशीय बिजली (वज्रपात) की चपेट में आने से मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा 19 जुलाई को शाम करीब 4:30 बजे किनकेल घाट के पास खुले मैदान में हुआ। घटना के बाद जशपुर पुलिस ने लोगों से बारिश और खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम भुरसा निवासी गौरव खलखो (25) अपने साथियों के साथ कार से देशदेखा क्षेत्र घूमने गया था। बारिश और तेज गर्जना के बीच मौसम कुछ शांत होने पर सभी साथी फोटो खिंचवाने के लिए खुले मैदान में उतर गए। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से गौरव गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।

साथियों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना जशपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण वज्रपात की चपेट में आना पाया गया है।
बारिश के मौसम में बढ़ रही वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए जशपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत, पहाड़ी क्षेत्रों, जंगलों और ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। साथ ही बिजली के खंभों, हाईटेंशन लाइनों, मोबाइल टावरों, नदियों और तालाबों से दूर रहें तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।
पुलिस ने लोगों से कहा है कि “सावधानी ही सुरक्षा है। खराब मौसम में सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और अनावश्यक जोखिम लेने से बचें।”