पेपर लीक राष्ट्रीय महामारी बन चुका है’, कांग्रेस का मोदी सरकार पर हमला; NEET छात्रा की मौत को बताया सिस्टम की विफलता

Uncategorized

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने केंद्र सरकार पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में पेपर लीक अब “राष्ट्रीय महामारी” का रूप ले चुका है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद 150 से अधिक पेपर लीक की घटनाओं से करीब 7.5 करोड़ छात्र और उनके परिवार प्रभावित हुए हैं, लेकिन अब तक किसी भी दोषी को सजा नहीं मिली।

राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में महंत ने कहा कि लाखों अभ्यर्थी वर्षों तक कड़ी मेहनत और आर्थिक कठिनाइयों के बीच प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक उनकी मेहनत पर पानी फेर देता है। उन्होंने कहा कि हर साल करीब 9 करोड़ अभ्यर्थी केवल 6 लाख सरकारी नौकरियों के लिए प्रतिस्पर्धा करते हैं, ऐसे में परीक्षा में धांधली युवाओं के भविष्य पर सीधा हमला है।महंत ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पेपर लीक के मुद्दे पर लगातार छात्रों की आवाज उठा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि कोटा से शुरू हुआ अभियान अब पूरे देश में सड़क से संसद तक चलाया जा रहा है और देहरादून में आयोजित “छात्रों की गूंज” महारैली भी इसी अभियान का हिस्सा थी।कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लाखों रुपये में बेचे जाने की चर्चाएं सामने आती रही हैं, जिससे परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।उन्होंने जगदलपुर के अड़ावल की NEET अभ्यर्थी सुरला हारिका राव की आत्महत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ियों और दोबारा परीक्षा जैसी परिस्थितियों से छात्र मानसिक दबाव में आ रहे हैं।

महंत ने इस घटना के लिए केंद्र सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि छात्रों में बढ़ती निराशा चिंता का विषय है।महंत ने आरोप लगाया कि पेपर लीक मामलों में न तो जिम्मेदारी तय की जाती है और न ही दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई होती है। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाली गड़बड़ियों से राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *