राजनांदगांव। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के अभियान के तहत बसंतपुर थाना पुलिस ने मोहल्लों में हुड़दंग और अशांति फैलाने वाले चार लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की प्रतिबंधात्मक धाराओं 126, 135(3) और 170 के तहत कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू साहू (45), कन्हैया यदु (30), हरिश भोजवानी (47) और मनोज भोजवानी (41) के रूप में हुई है। सभी आरोपी बसंतपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग मोहल्लों के निवासी हैं और मोहल्लों में हुड़दंग कर शांति भंग करने के आरोप में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ इस्तगासा तैयार कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद चारों आरोपियों को जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।
राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में असामाजिक, उपद्रवी और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के साथ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना बसंतपुर के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।