रायपुर में 360 स्कूल बसों की जांच, 22 बसों पर कार्रवाई; 48 चालक हाई बीपी-शुगर और 22 की आंखों की रोशनी में मिली कमी

Uncategorized

रायपुर। स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायपुर यातायात पुलिस ने रविवार को पुलिस परेड ग्राउंड में स्कूल बसों की मैकेनिकल जांच तथा चालक-परिचालकों के स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया।

शहर के 38 स्कूलों की 360 बसों की जांच में 22 बसों में सुरक्षा संबंधी खामियां मिलने पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 53 हजार रुपये का चालान किया गया।शिविर में पुलिस एमटी वर्कशॉप अमलेश्वर, जायका ऑटोमोबाइल, स्वराज माजदा, आयशर और फोर्स मोटर्स के विशेषज्ञ इंजीनियरों व मैकेनिकों ने सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बसों का तकनीकी परीक्षण किया।

जांच के दौरान 16 सुरक्षा मानकों की पड़ताल की गई, जिनमें फर्स्ट एड बॉक्स, फायर एक्सटिंग्विशर, जीपीएस, सीसीटीवी, स्पीड गवर्नर, फिटनेस, परमिट, बीमा, चालक का अनुभव, हेल्पर की उपलब्धता और अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं शामिल थीं।

निरीक्षण में जिन 22 बसों में खामियां मिलीं, उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई और संबंधित स्कूल प्रबंधन को जल्द कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए।शिविर के दौरान अग्निशमन विभाग ने स्कूल बस चालकों को आग लगने की स्थिति में बचाव, यात्रियों की सुरक्षित निकासी और फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।

स्वास्थ्य परीक्षण में 48 चालक-परिचालकों में उच्च रक्तचाप और मधुमेह की समस्या पाई गई, जबकि 22 चालकों की दूर की दृष्टि कमजोर मिली। सभी को आवश्यक चिकित्सकीय जांच और उपचार कराने की सलाह दी गई।

स्वास्थ्य परीक्षण नारायणा हॉस्पिटल, छत्तीसगढ़ नेत्रालय और जिला अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने किया।अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) विवेक शुक्ला ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा यातायात पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए स्कूल बसों का तकनीकी निरीक्षण और चालक-परिचालकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण आगे भी जारी रहेगा।यह शिविर यातायात पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *