अविश्वास पर साय का करारा प्रहार, बोले-जनता के विश्वास का अपमान है कांग्रेस

Uncategorized

रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा में विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को जोरदार जवाब देते हुए कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अविश्वास प्रस्ताव सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रदेश की तीन करोड़ जनता के विश्वास का अपमान है, जिसने 2023 के विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव और नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष से सवाल किया कि आखिर उसका अविश्वास किस पर है— उन 25 लाख किसानों पर जिन्हें 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ मिला, या उन 70 लाख से अधिक महिलाओं पर जिन्हें महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने एक हजार रुपये की सम्मान राशि मिल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता का विश्वास पहले ही खो चुकी है और अब जनता द्वारा चुनी गई सरकार पर अविश्वास जताकर अपनी राजनीतिक हताशा दिखा रही है।मुख्यमंत्री साय ने दावा किया कि उनकी सरकार ने ढाई वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को धरातल पर उतारते हुए अधिकांश चुनावी वादे पूरे किए हैं। किसानों को बकाया बोनस का भुगतान, सिंचाई क्षमता में वृद्धि, महतारी वंदन योजना, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और वित्तीय अनुशासन को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।आदिवासी विकास और नक्सलवाद पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने केवल राजनीति की, जबकि वर्तमान सरकार ने विकास, विश्वास और सुरक्षा को साथ लेकर काम किया।

तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाने, वनाधिकार से जुड़े मामलों के समाधान, जनजातीय गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को उन्होंने सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त रणनीति से नक्सलवाद निर्णायक रूप से कमजोर हुआ है।युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और नई तकनीकों पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस विभाग में रिकॉर्ड भर्तियां हुई हैं और प्रदेश में एआई मिशन, एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, सेमीकंडक्टर यूनिट, एआई-एसईजेड और डेटा सेंटर पार्क जैसी परियोजनाएं भविष्य की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव रखेंगी। नई औद्योगिक नीति से 1.74 लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने का दावा भी उन्होंने किया।ऊर्जा, खनिज, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक के ऊर्जा निवेश प्रस्ताव मिले हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत हजारों घरों में सौर संयंत्र लगाए गए हैं, जबकि बिजली बिल समाधान योजना से लाखों उपभोक्ताओं को राहत मिली है।

खनिज राजस्व में रिकॉर्ड बढ़ोतरी, डीएमएफ में पारदर्शिता, अवैध खनन पर कार्रवाई और डिजिटल निगरानी व्यवस्था लागू करने का भी उन्होंने उल्लेख किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकविहीन स्कूलों की समस्या दूर की गई है, नवा रायपुर को एजुकेशन हब बनाया जा रहा है और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के तहत पांच नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए जा रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रदेश के 91 प्रतिशत से अधिक नागरिकों को जोड़ा जा चुका है।अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भाजपा सरकार घोषणाओं की नहीं, परिणामों की राजनीति करती है। जनता का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत और पूंजी है।

उन्होंने विश्वास जताया कि विकास, सुशासन और जनकल्याण के सामने विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव पूरी तरह निरर्थक साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *