लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र स्थित बुद्धेश्वर चौकी इलाके में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब कार के अंदर गाजीपुर थाने में तैनात एक दरोगा का शव मिला। सूचना मिलते ही पारा और गाजीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दरोगा की कार गुरुवार दोपहर से ही घटनास्थल पर खड़ी थी।


शुक्रवार को कार के भीतर उनका शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को कार की बगल वाली सीट के नीचे शराब की बोतलें भी मिली हैं।सूत्रों के मुताबिक, दरोगा गुरुवार को एक विवेचना के सिलसिले में गाजीपुर थाने से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा, इसलिए अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।