राजनांदगांव। जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लेकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (आईपीएस) के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (आईपीएस) के निर्देशन में जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत बसंतपुर पुलिस को सूचना मिली कि दिग्विजय कॉलेज से शीतला मंदिर जाने वाले मार्ग पर एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी सचिन दास (22 वर्ष), निवासी दुर्गा चौक, राजनांदगांव को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 327/2026 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में असामाजिक और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक आर. राजू, प्रधान आरक्षक किशोर यादव, आरक्षक कुश बघेल और आशीष मानिकपुरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।