राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच की संगोष्ठी में माओवाद मुक्त छत्तीसगढ़, जनजातीय विकास और वैचारिक घुसपैठ पर मंथन

Uncategorized

रायपुर। राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच (FANS) रायपुर चैप्टर द्वारा “माओवाद मुक्त छत्तीसगढ़ एवं वैचारिक घुसपैठ” विषय पर बौद्धिक परिचर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच के मुख्य संरक्षक एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्य इंद्रेश कुमार रहे।अपने संबोधन में इंद्रेश कुमार ने कहा कि आज़ादी के बाद भारत ने अलगाववाद, आतंकवाद और उग्रवाद जैसी अनेक चुनौतियों का सामना किया है। पूर्वोत्तर, कश्मीर, पंजाब और मध्य भारत में राष्ट्रविरोधी ताकतों ने समय-समय पर देश की एकता और अखंडता को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि माओवाद ने आदिवासी क्षेत्रों में हिंसा के साथ-साथ वैचारिक भ्रम और धर्मांतरण के माध्यम से अपनी जड़ें मजबूत करने का प्रयास किया।उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों की प्रभावी नीतियों, सुरक्षा बलों के अद्वितीय साहस तथा स्थानीय नागरिकों के सहयोग और संकल्प से छत्तीसगढ़ में माओवाद पर निर्णायक प्रहार हुआ है। इसे प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।इंद्रेश कुमार ने कहा कि माओवाद की सैन्य हार के बाद अब सबसे बड़ी चुनौती वैचारिक घुसपैठ को रोकने की है। इसके लिए जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण, भारतीय ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना होगा। साथ ही आदिवासी समाज की गौरवशाली संस्कृति और विरासत को सम्मान देकर उनमें आत्मगौरव की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने शिक्षाविदों, पत्रकारों, अधिवक्ताओं, उद्योगपतियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और प्रबुद्ध नागरिकों से राष्ट्र निर्माण के अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि समाज की व्यापक सहभागिता से ही माओवाद और वैचारिक घुसपैठ जैसी चुनौतियों पर स्थायी विजय प्राप्त की जा सकती है।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच, रायपुर चैप्टर के अध्यक्ष तौक़ीर रज़ा ने कहा कि 1970 के दशक से शुरू हुआ माओवादी हिंसा का दौर छत्तीसगढ़ के लिए बेहद पीड़ादायक रहा है, जिसमें हजारों निर्दोष नागरिकों और सुरक्षा बलों ने अपनी जान गंवाई। उन्होंने कहा कि अब जब प्रदेश माओवाद मुक्त होने की दिशा में निर्णायक सफलता हासिल कर चुका है, तब समाज के सभी वर्गों को विकास, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय चेतना पर आधारित नए छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।कार्यक्रम में राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच की राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वर्णिका शर्मा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मनू नाहर, सच्चिदानंद उपासना तथा अजान्ये विश्वविद्यालय के चांसलर अभिषेक अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रायपुर चैप्टर के महामंत्री डॉ. भूपेंद्र कुमार साहू ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *