रायपुर। देश की सबसे महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (UG)-2026 का आयोजन 21 जून (रविवार) को रायपुर जिले में भी किया जाएगा। परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में परीक्षा के लिए 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां हजारों अभ्यर्थी अपने मेडिकल करियर के सपनों को साकार करने के लिए परीक्षा देंगे।

जिला नोडल अधिकारी (NTA) एवं सिटी कोऑर्डिनेटर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने बताया कि परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
बायोमेट्रिक सत्यापन और कड़ी जांच
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों में बायोमेट्रिक सत्यापन, पहचान जांच और सुरक्षा जांच की विशेष व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ वैध मूल फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित
NTA के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर, बैग, पर्स, नोट्स, पुस्तकें एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ड्रेस कोड का करना होगा पालन
अभ्यर्थियों को हल्के और साधारण वस्त्र पहनकर आने की सलाह दी गई है। धातुयुक्त बटन, चेन, आभूषण और अन्य धातु सामग्री वाले कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र आने से बचने को कहा गया है। धार्मिक या पारंपरिक परिधान पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त जांच प्रक्रिया के लिए समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
तनावमुक्त माहौल बनाने की अपील
जिला प्रशासन ने अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के सभी वर्गों से विद्यार्थियों को सकारात्मक और तनावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की है। साथ ही अभ्यर्थियों से प्रवेश पत्र पर दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवधानमुक्त बनाने के लिए सभी केंद्रों पर विशेष निगरानी व्यवस्था और तकनीकी संसाधन तैनात किए गए हैं।