रायपुर, 17 जून। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। नॉर्थ जोन पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाईयों में 13 किलो 451 ग्राम गांजा जब्त करते हुए 2 अंतर्राज्यीय तस्करों सहित कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे और अन्य सामग्री की कुल कीमत करीब 6.72 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ियारी, पण्डरी और उरला थाना पुलिस ने यह संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस को मिली सूचनाओं के आधार पर आरोपियों को गांजा बेचते और परिवहन करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
झांसी से रायपुर पहुंचे तस्कर गिरफ्तार :-
गुढ़ियारी थाना पुलिस ने कबीर चौक ओवरब्रिज के नीचे सब्जी बाजार के पास दबिश देकर आकाश रायकवाड़ और धीरज रायकवाड़ को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी मूल रूप से झांसी (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हैं। उनके कब्जे से 9 किलो 866 ग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 4.93 लाख रुपये बताई गई है।
दलदल सिवनी में गांजा बेचते युवक धराया:-
पण्डरी थाना पुलिस ने दलदल सिवनी कचरा गोदाम के पास कार्रवाई करते हुए कमलेश पटेल को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 2 किलो 285 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 1.20 लाख रुपये है।
बीरगांव में भी पुलिस का शिकंजा :-
उरला थाना पुलिस ने बीरगांव के बुधवारी बाजार क्षेत्र में कार्रवाई कर संतराम निषाद को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 300 ग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 53 हजार रुपये बताई गई है।
नशे के कारोबार पर लगातार वार :-
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राजधानी में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है।कमिश्नरेट पुलिस की इस कार्रवाई को राजधानी में नशे के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गांजा सप्लाई चेन और अन्य जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।