नई दिल्ली। CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली को लेकर देशभर में उठे विवाद और छात्रों की शिकायतों के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। सरकार ने CBSE के चेयरमैन राहुल सिंह (IAS) और सचिव हिमांशु गुप्ता (IAS) का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है।
साथ ही OSM प्रणाली की खरीद प्रक्रिया और इसके क्रियान्वयन की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया गया है।
बताया जा रहा है कि CBSE की डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली को लेकर छात्रों और अभिभावकों ने गंभीर सवाल उठाए थे। कई छात्रों ने आरोप लगाया कि पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपियां उनकी लिखावट से मेल नहीं खा रही थीं, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग गया था।
विवाद बढ़ने के बाद केंद्र सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए न केवल शीर्ष अधिकारियों को हटाया, बल्कि OSM सेवा की खरीद और संचालन प्रक्रिया की विस्तृत जांच के आदेश भी दे दिए। सरकार का कहना है कि जांच के जरिए सभी तथ्यों की पड़ताल कर जवाबदेही तय की जाएगी। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत वरिष्ठ IAS अधिकारी लोकांडे प्रशांत सीताराम को नया CBSE चेयरमैन नियुक्त किया गया है, जबकि वरुण भारद्वाज को बोर्ड का नया सचिव बनाया गया है।
शिक्षा जगत में इस कार्रवाई को CBSE के इतिहास की सबसे बड़ी प्रशासनिक कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है। अब सभी की नजरें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे OSM विवाद की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।