रायपुर। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन काल चक्र-03” के तहत व्यापक कॉम्बिंग गश्त और विशेष अभियान चलाया। उत्तर जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने 109 वारंटों की तामीली करते हुए 8 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी नॉर्थ जोन के निर्देशन में थाना गुढ़ियारी, उरला, खमतराई, पंडरी, खम्हारडीह एवं चौकी रामनगर की संयुक्त टीमों ने अपराधियों के खिलाफ सघन कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 109 वारंटों का निष्पादन किया गया, जिनमें 23 स्थायी वारंट, 31 गिरफ्तारी वारंट और 55 जमानतीय वारंट शामिल हैं।


पुलिस ने विभिन्न मामलों में फरार चल रहे 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें एनडीपीएस एक्ट का एक फरार आरोपी भी शामिल है। साथ ही प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक वैधानिक कदम उठाए गए।अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए 50 प्रकरणों में धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
वहीं निगरानी बदमाशों, गुंडा तत्वों, चाकूबाजों और आदतन अपराधियों की सघन जांच-पड़ताल कर उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई।विशेष अभियान में 30 प्रकरणों में आबकारी एक्ट तथा 3 प्रकरणों में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच कर कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त संदेश दिया।रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ इस तरह के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।